Parliament Budget Session: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को संसद के बजट सत्र 2026 की तारीखों का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बजट सत्र दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण की शुरुआत 28 जनवरी से होगी, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च 2026 से शुरू होगा।
कब से कब तक चलेगी संसद
किरेन रिजिजू ने बताया कि पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी को समाप्त होगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च 2026 से शुरू होगा, जो 2 अप्रैल 2026 तक चलने वाला है। रिजिजू ने कहा कि केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद सत्र बुलाने की मंजूरी दे दी है।
कब पेश होगा बजट
इस साल भी आम बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा, जैसा हर साल होता आया है। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि एक फरवरी को रविवार है और उस दिन बजट पेश होगा। अमूमन शनिवार और रविवार को संसद का सत्र नहीं चलता है, लेकिन विशेष स्थितियों में सांसद भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संसद सत्र के दौरान सभी अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और बजट पेश करने के बाद संबंधित बहस होगी। सनद रहे कि बजट सत्र कैलेंडर ईयर में संसद का पहला सत्र होता है और इसकी शुरुआत दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है। संसद का बजट सत्र आमतौर पर दो हिस्सों में बंटा होता है, जिसके बीच में ब्रेक होता है ताकि स्थायी समितियां अलग-अलग मंत्रालयों की ग्रांट की मांगों की जांच कर सकें।
