भारत ने 15 अगस्त के मौके पर आजादी का जश्न मनाया इस खास अवसर पर देशवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। वहीं इस मौके पर भारतीय नौसेना ने भी जोशो-खरोश के साथ इसमें भाग लिया, नौसैनिकों ने गहरे पानी में तिरंगा फहराया है, सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कैसे जवान इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं।
वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लाल किले के प्राचीर से लगातार अपना दसवां स्वतंत्रता दिवस भाषण देते हुए कहा कि भारत एक निर्णायक मोड़ पर है और उसमें कोविड महामारी के बाद नयी वैश्विक व्यवस्था को आकार देने की ताकत है ।
इस मुगलकालीन स्मारक से तिरंगा फहराया
मोदी लाल किले की प्राचीर की ओर गये जहां रक्षा मंत्री, रक्षा राज्यमंत्री, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने उनका अभिवादन किया। प्रधानमंत्री ने सुबह करीब साढ़े सात बजे 17 वीं सदी के इस मुगलकालीन स्मारक से तिरंगा फहराया। दो महिला सैन्य अधिकारियों --मेजर निकिता नैय्यर और जस्मीन कौर ने उन्हें ध्वजारोहण में मदद की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की खास बातों पर भी डाल लें नजर-
- 21 तोपों की सलामी के बीच बैंड ने राष्ट्रगान बजाया और गार्ड ने राष्ट्रीय सलामी दी।
- स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वदेशी 105एमएम लाइट फील्ड गन का पहली बार प्रतीकात्मक तोप के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
- ध्वजारोहण के दौरान 8711 फील्ड बैटरी (प्रतीकात्मक) के तोप चलाने वालों (गनर) द्वारा 21 तोपों की सलामी दी गयी।
- भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने दर्शकों की करतल ध्वनि के बीच आयोजन स्थल पर पुष्पवर्षा की।
- प्रधानमंत्री ने लगातार दसवीं बार स्वतंत्रता दिवस पर डेढ़ घंटे तक देश को संबोधित किया।
- हर राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश से 75 दंपत्तियों को पारंपरिक परिधान में यह समारोह देखने के लिए आमंत्रित किया गया था।
- पचास स्कूली शिक्षक भी आमंत्रित लोगों में शामिल थे। उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय समर्पण एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा चुना गया था।
- भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना और सांसद माइक वाल्त्ज के नेतृत्व में अमेरिकी सांसदों का द्विदलीय समूह भी इस कार्यक्रम में पहुंचा था।
