Oman Tanker Drone Attack: ओमान के सोहर एंकरेज में रविवार को भारतीय नाविकों वाले एक टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने यह जानकारी दी।
ओमान में भारतीय नाविकों वाले टैंकर पर ड्रोन हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ओमान में 11 भारतीय नाविकों को ले जा रहे टैंकर एमटी पेट्रो डॉल्फिन (MT PETRO DOLPHIN) पर ड्रोन हमला हुआ। हमले के बाद 9 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि दो भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं।
बकौल केंद्रीय मंत्री, लापता नाविकों की तलाश के लिए स्थानीय कोस्ट गार्ड की ओर से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि बचाव अभियान में हरसंभव सहायता दी जा सके और लापता भारतीय नाविकों का सुरक्षित पता लगाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा सकें।
अधिकारियों के संपर्क में दूतावास
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि वह निकारागुआ के झंडे वाले टैंकर एमटी पेट्रो डॉल्फिन से जुड़ी स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। टैंकर पर सवार 11 भारतीय नाविकों में से दो के लापता होने की सूचना है। दूतावास ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रियाद में भारतीय की मौत के बाद दूतावास की नई एडवाइजरी आई सामने, सहायता के लिए जारी किए अतिरिक्त नंबर
