Tamil Nadu Elections: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और द्रमुक नेता कनिमोझी ने बुधवार को बैठक की, लेकिन तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर फिलहाल कोई सहमति नहीं बनी है। सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई इस बैठक में सीटों को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
सीट बंटवारे पर गतिरोध बरकरार
हिंदी समाचार एजेंसी भाषा ने सूत्रों के हवाले से बताया, ''दोनों नेताओं ने उन मुद्दों पर चर्चा की जिन्हें हल करने की आवश्यकता है। हालांकि, बैठक में कांग्रेस की सीटों की संख्या पर चर्चा नहीं हुई।'' कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के नेता इस बार विधानसभा चुनाव में कम से कम 30 सीटों पर चुनाव लड़ने के साथ सत्ता में समुचित भागीदारी चाहते हैं, लेकिन द्रमुक कांग्रेस को पिछली बार के मुकाबले ज्यादा सीट देने की इच्छुक नहीं है।
कांग्रेस 2021 में 25 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। द्रमुक नेता और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के कांग्रेस नेतृत्व के साथ अच्छे संबंध हैं, ऐसे में इस मुद्दे के जल्द हल किए जाने की उम्मीद की जा रही है।
वहीं, विधानसभा चुनावों को लेकर एआईसीसी के इंचार्ज गिरीश चोडणकर ने बुधवार को बताया कि वह आगामी चुनावों को लेकर द्रमुक के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। एएनआई से बात करते हुए गिरीश चोडणकर ने कहा कि कांग्रेस पिछले दो महीनों से द्रमुक के जवाब का इंतज़ार कर रही है।
गठबंधन की बातचीत नहीं हुई शुरू
उन्होंने कहा कि हम द्रमुक के जवाब का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि गठबंधन की बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। हम पिछले दो महीनों से उनका इंतजार कर रहे हैं।
तमिलनाडु में कब होंगे चुनाव?
कांग्रेस के कुछ नेता तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी, तमिलागा वेट्री कषगम (टीवीके) को भी गठबंधन के लिए एक विकल्प के तौर पर मानते हैं, हालांकि सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व द्रमुक के साथ ही चुनाव में जाने का इच्छुक है। तमिलनाडु में आगामी अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।
