फिर सुलग उठा मणिपुरः 72 घंटों के दौरान फायरिंग में आठ की मौत, चुराचांदपुर में आपातकालीन बंद

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Sep 1, 2023, 12:10 AM IST

Manipur Latest News: मणिपुर पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों की ओर से कांगपोकपी, थौबल, चुराचांदपुर और इंफाल-पश्चिम जिलों के सीमांत और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया और इस दौरान पांच हथियार, 31 गोला-बारूद, 19 विस्फोटक, आईईडी सामग्री के तीन पैक बरामद किए गए।

Manipur Latest News: हिंसा की आग में बुरी तरह झुलसा नॉर्थ ईस्ट का सूबा मणिपुर फिर से सुलग उठा है। गुरुवार (31 अगस्त, 2023) तक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वहां 72 घंटों में कुकी और मेइती समुदायों के बीच हुई फायरिंग में आठ लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई को इस बाबत अधिकारियों ने इसके अलावा यह भी बताया कि बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों में इस दौरान दो सुरक्षाकर्मियों सहित 18 अन्य घायल भी हुए।

manipur crisis

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

अफसर ने गुरुवार को बताया था बिष्णुपुर के खोइरेंटक तलहटी और चुराचांदपुर के चिंगफेई और खौसाबुंग इलाकों में दोनों समूहों के बीच गोलीबारी फिलहाल जारी है। हिंसा 29 अगस्त को शुरू हुई, जब खोइरेंटक क्षेत्र में भारी गोलीबारी के बाद लगभग 30 वर्षीय एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। उसी रोज बिष्णुपुर के नारायणसेना गांव के पास एक व्यक्ति की तरफ से देसी तमंचे का इस्तेमाल करते हुए गलती से गोली चल गई थी, जो उसके चेहरे पर लगी और उसकी मौत हो गई थी। बुधवार शाम को कुछ घंटों की शांति के बाद गोलीबारी की ताजा शुरुआत बृहस्पतिवार सुबह हुई।

End of Feed