लोकसभा से विनियोग विधेयक 2026 ध्वनिमत से हुआ पारित; विपक्ष ने चर्चा में नहीं लिया हिस्सा, सदन दिनभर के लिए स्थगित

वर्तमान मानसून सत्र के दौरान अब तक लोकसभा पांच विधेयक पारित कर चुकी है। इनमें पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 को संसद के दोनों सदनों की मंजूरी मिल चुकी है।

संसद के मानसून सत्र के दौरान आज का दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन ने विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। वहीं, विपक्ष कार्यवाही के दौरान पूरे समय राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोप और 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करता रहा।

लोकसभा

लोकसभा (फोटो- PTI)

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया विधेयक

दोपहर 2 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक अध्यादेश के स्थान पर कराधान एवं अन्य कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया। यह विधेयक सरकारी प्रतिभूतियों में विदेशी निवेश से जुड़े आयकर प्रावधानों में संशोधन के साथ-साथ पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स एक्ट, 2007, आयकर अधिनियम, 2025 और वित्त अधिनियम, 2027 में बदलाव का प्रस्ताव करता है।

End of Feed