Lohagad Murder Case: महाराष्ट्र के चर्चित लोहागढ़ मर्डर केस की जांच में पुणे पुलिस को एक नया सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने आरोपी सिया गोयल (Siya Goyal) के घर पर तलाशी अभियान चलाकर एक पैंट बरामद की है, जिसके बारे में जांच एजेंसियों को संदेह है कि घटना वाले दिन उसने यही कपड़ा पहना था। बरामद कपड़े को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
लोहगढ़ मर्डर केस (फाइल फोटो)
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह सिया गोयल को उसके घर ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जांच टीम ने संदिग्ध पैंट को अपने कब्जे में लिया। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट से यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि क्या इस कपड़े से मामले से जुड़े कोई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य मिल सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:' अगर किसी निर्दोष पर गोली चली है तो किसी अधिकारी को नहीं बख्शेंगे', भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले चिराग पासवान
सिया पुलिस हिरासत में
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पुलिस को संदेह है कि मामले से जुड़े कुछ लोगों ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई हो सकती हैं। इसी वजह से जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं से साक्ष्यों का सत्यापन कर रही हैं और उपलब्ध सबूतों को आपस में मिलाकर जांच आगे बढ़ा रही हैं।
फिलहाल सिया गोयल पुलिस हिरासत में है और उसकी मौजूदा रिमांड गुरुवार को समाप्त हो रही है।
सबूतों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
जांच अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले में अभी और पूछताछ तथा साक्ष्य जुटाने की आवश्यकता है। ऐसे में पुलिस अदालत से उसकी पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच जारी होने का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
