देश

गुजरात में दिल्ली, पंजाब मॉडल पर काम करेगी AAP, कार्यकर्ताओं को केजरीवाल देंगे सफलता का 'मंत्र'

इसुदान गढ़वी ने कहा कि गुजरात दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल होंगे और अहमदाबाद तथा वडोदरा में पार्टी पदाधिकारियों व बूथ स्तर के 20 हजार वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाएंगे। यह आयोजन आम आदमी पार्टी की उस संगठनात्मक सोच को दिखाता है, जिसमें हर कार्यकर्ता को अहम भूमिका और स्पष्ट जिम्मेदारी दी जाती है।

Image

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Arvind Kejriwal : आम आदमी पार्टी के गुजरात अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 17 जनवरी से 19 जनवरी तक तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। केजरीवाल की इस यात्रा का एक मकसद गुजरात में पार्टी को मजबूती देने के लिए दिल्ली और पंजाब मॉडल को अपनाना है। केजरीवाल का यह दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के लगातार मजबूत होते संगठन, बढ़ते जनसमर्थन और जमीनी स्तर पर तैयार हो रही नई राजनीतिक ताकत को दर्शाता है।

20 हजार वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाएंगे केजरीवाल

इसुदान गढ़वी ने कहा कि गुजरात दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल होंगे और अहमदाबाद तथा वडोदरा में पार्टी पदाधिकारियों व बूथ स्तर के 20 हजार वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाएंगे। यह आयोजन आम आदमी पार्टी की उस संगठनात्मक सोच को दिखाता है, जिसमें हर कार्यकर्ता को अहम भूमिका और स्पष्ट जिम्मेदारी दी जाती है।

18 जनवरी को बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन

उन्होंने कहा कि 18 जनवरी को अहमदाबाद में सेंट्रल जोन का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें अहमदाबाद, गांधीनगर, खेड़ा और सुरेंद्रनगर लोकसभा क्षेत्रों के करीब 9 हजार से ज्यादा बूथ वॉलिंटियर्स शपथ लेंगे। यह सम्मेलन पार्टी के संगठन को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जहां बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सीधे जोड़कर संगठन की रीढ़ को मजबूत किया जा रहा है।

वडोदरा में ईस्ट जोन में भी आयोजन

इसके बाद 19 जनवरी को वडोदरा में ईस्ट जोन का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में आनंद, वडोदरा, दाहोद, छोटा उदेपुर और पंचमहल लोकसभा क्षेत्रों के 9 हजार से अधिक बूथ वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाई जाएगी। इतनी बड़ी संख्या में बूथ वॉलिंटियर्स की भागीदारी यह साफ दिखाती है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की पकड़ लगातार गहरी हो रही है।

AAP कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

बूथ स्तर पर इस तरह के बड़े और सुव्यवस्थित कार्यक्रम आम आदमी पार्टी की कार्यशैली की पहचान बन चुके हैं। पार्टी मानती है कि मजबूत संगठन की शुरुआत बूथ से होती है, और जब बूथ मजबूत होता है, तो जनता की आवाज सीधे नेतृत्व तक पहुंचती है। यही कारण है कि पार्टी गुजरात में भी उसी मॉडल पर काम कर रही है, जिसने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी को मजबूती दी। केजरीवाल का कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद, उन्हें शपथ दिलाना और संगठन के महत्व पर जोर देना, कार्यकर्ताओं में नया जोश और आत्मविश्वास भरने वाला है। यह संदेश साफ है कि पार्टी का नेतृत्व जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है और बदलाव की इस लड़ाई में हर वॉलिंटियर को बराबर का भागीदार मानता है।

बूथ स्तर पर खुद को मजबूत बना रही AAP

गुजरात में आम आदमी पार्टी की बढ़ती ताकत अब सिर्फ चर्चाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बूथ स्तर पर तैयार हो रही यह मजबूत टीम आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक मौजूदगी को और मजबूत करेगी। यह दौरा गुजरात में आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनता से जुड़ाव की दिशा में एक अहम पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article