Kedarnath-Badrinath News: उत्तराखंड चारधाम यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी सामने आई है। बदरीनाथ के बाद के केदारनाथ धाम में भी मौसम सर्द हो चुका है। इस बीच श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से चारधाम कपाट बंद होने की तिथियां जारी कर दी गई हैं। बदरीनाथ धाम का कपाट बंद होने की तिथि विजयादशमी के अवसर पर यानी 24 अक्टूबर को तय होगी, जबकि केदारनाथ धाम भैया दूज के मौके पर 15 नवंबर को बंद होगा।
चारधाम के कपाट बंद होने की तिथियां जारी कर दी गईं।
चारधाम कपाट बंद होने की तिथियां
श्री बदरीनाथ धाम
विजय दशमी के मौके पर 24 अक्टूबर दिन मंगलवार को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि तय होगी।
श्री केदारनाथ धाम
बुधवार 15 नवंबर को भैया दूज के मौके पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होंगे। कपाट बंद होने समय अभी तय होना है।
श्री यमुनोत्री धाम
भैया दूज के मौके पर 15 नवंबर दिन बुधवार को श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होंगे, इसका समय अलग से तय होना है।
श्री गंगोत्री धाम
कपाट बंद होने की तिथि श्री गंगोत्री मंदिर समिति द्वारा आज (रविवार को) तय हुई। मंगलवार 14 नवंबर अन्नकूट को दिन के 11.45 को कपाट बंद होंगे।
श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा ये जानकारी साझा की गई है।
केदारनाथ में बारिश और बर्फ गिरने से ठंड बढ़ी
केदारनाथ में मौसम पहले से अधिक सर्द हो गया है। ठंड को देखते हुए मंदिर समिति तथा केदारनाथ स्थानीय प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए अलाव,आश्रय स्थल,गर्म पानी आदि की व्यवस्था की जा रही है। केदारनाथ में बरसात के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है और इन दिनों प्रतिदिन 18 से 20 हजार तीर्थयात्री श्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। आने वाले कुछ दिन उत्तराखंड में चारधाम यात्रा रूट पर तीर्थ यात्रियों के लिए काफी मुश्किल भरे रहने वाले हैं। उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में येलो अलर्ट जारी किया गया है। चारधाम यात्रा रूट पर तीर्थ यात्रियों की थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
