Kathua Terror Attack Update:जम्मू के कठुआ जिले के हीरानगर इलाके में 11 जून यानी मंगलवार को सैदा गांव के पास आतंकियों द्वारा फायरिंग की गई, इसके बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू की गई, इस कठुआ ऑपरेशन में 1 आतंकी मारा गया।वहीं इस मामले में आतंकियों का पाकिस्तान कनेक्शन निकलकर सामने आ रहा है, इस बारे में कठुआ पुलिस ने एक्स पर वीडियो पोस्ट किया है।
पाकिस्तान निर्मित चॉकलेट, दवाइयां और इंजेक्शन बरामद
कठुआ पुलिस ने बताया- हीरानगर-कठुआ (जम्मू-कश्मीर) हमला - 3 मैगजीन जिसमें 30 राउंड थे, 1 मैगजीन जिसमें 24 राउंड थे, अलग-अलग पॉलीथीन में 75 राउंड, 3 जिंदा ग्रेनेड, 1 लाख रुपये की करेंसी (500 रुपये के 200 नोट), खाने-पीने का सामान (पाकिस्तान निर्मित चॉकलेट, सूखे चने और बासी चपातियां), पाकिस्तान निर्मित दवाइयां और इंजेक्शन (दर्द निवारक), 1 सिरिंज, A4 बैटरी के 2 पैक, एंटीना वाले टेप में लिपटा 1 हैंडसेट और इस हैंडसेट से लटके 2 तार, 1 M4 कार्बाइन और 1 एके 47 ऑपरेशन में बरामद हुए हैं।
गौर हो कि कठुआ के सैदा सुखल में अभियान उस समय शुरू हुआ जब हाल में घुसपैठ करने वाले दो आतंकवादी मंगलवार देर शाम गांव में दिखाई दिए।पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, आतंकवादियों ने कई घरों से पानी मांगा, जिसके कारण गांव वालों को संदेह हुआ, जब गांववालों ने शोर मचाया तब आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
हीरानगर थाना प्रभारी और उपमंडल पुलिस अधिकारी की आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया, आतंकवादी ने पुलिस दल पर हथगोला फेंकने की कोशिश की थी।
एक आतंकवादी को मार गिराया गया
जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने कठुआ अभियान के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा, 'दो आतंकवादी जो हाल में (सीमा पार से) घुसपैठ करके आए थे, रात आठ बजे (मंगलवार) के आसपास सैदा सुखल गांव में दिखाई दिए और एक घर से पानी मांगा। लोग डर गए और जैसे ही सूचना मिली, उपमंडल पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक पुलिस दल गांव में पहुंचा।' अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के अनुसार, एक आतंकवादी को मार गिराया गया और हीरानगर सेक्टर में कूटा मोड के निकट गांव में अभियान जारी है।
