कर्नाटक (Karnataka) के एक कॉलेज का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियों को लेकर ऐसा हंगामा मचा कि दो समुदायों के बीच विवाद होते-होते रह गया। इस मामले में अब कॉलेज की ओर से सफाई पेश की गई है और आरोपी छात्रों को कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया है।
कर्नाटक में बुर्का पहनकर छात्रों ने किया डांस
विवाद की वजह
कर्नाटक के मंगलुरू में एक कॉलेज है, नाम है सेंट जोसेफ इंजीनियरिंग कॉलेज। यहां छात्रों का एक कार्यक्रम चल रहा था। तभी स्टेज पर चार लड़के बुर्का पहनकर आए और बॉलीवुड के गाने 'फेविकोल से' पर डांस करने लगे। ये लड़के डांस करके गए और उधर इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
लोगों ने कॉलेज को लताड़ा
इस वीडियो को लेकर तुरंत हंगामा मच गया। दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ने लगा। वीडियो से पहले ये स्पष्ट नहीं था कि डांस करने वाले कौन से छात्र थे, जिसके मन में जो आया वो लिखने लगा और फिर जब इस विवाद की जानकारी कॉलेज तक पहुंची तो छात्रों की पहचान की गई।
मुस्लिम लड़के ही थे शामिल
लड़कों की पहचान होने के बाद कॉलेज की तरफ से बयान आया। पता चला कि डांस करने वाले छात्र मुस्लिम समुदाय से ही संबंध रखते हैं। लड़कों ने जो डांस किया था, वो प्रोग्राम में अप्रुव नहीं था। बिना अनुमति के ही यह डांस किया गया था। इसके बाद कॉलेज से चारों छात्रों को सस्पेंड कर दिया। कॉलेज ने कहा कि वो इस घटना के लिए माफी मांगता है, लड़कों को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
