देश

फिर नारों के कारण विवादों में JNU, बोले गिरिराज सिंह- कुछ लोगों ने इसे 'टुकड़े-टुकड़े' गैंग का अड्डा बना दिया है

JNU Slogan Controversy: सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत न दिए जाने के बाद जेएनयू परिसर में छात्रों के एक समूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष ने इसे 5 जनवरी 2020 की हिंसा की बरसी पर होने वाला वैचारिक विरोध बताया और कहा कि नारे किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत हमला नहीं थे।

Image

जेएनयू के छात्रों का नारा फिर विवादों में (फोटो- वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट X)

JNU Slogan Controversy: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है। वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े षड्यंत्र मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत न मिलने के बाद सोमवार रात जेएनयू परिसर में छात्रों के एक समूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन का एक कथित वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। बीजेपी की ओर से इस नारेबाजी को लेकर विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधा जा रहा है।

JNUSU की प्रेसिडेंट ने क्या कहा

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की प्रेसिडेंट अदिति मिश्रा ने कहा कि हर साल, छात्र 5 जनवरी, 2020 को कैंपस में हुई हिंसा की निंदा करने के लिए विरोध प्रदर्शन करते हैं। मिश्रा ने PTI को बताया, "विरोध प्रदर्शन में लगाए गए सभी नारे वैचारिक थे और किसी पर भी व्यक्तिगत रूप से हमला नहीं करते थे। वे किसी के लिए भी नहीं थे।"

पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं

दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि अब तक इस नारेबाजी को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले पर नजर रखी जा रही है।

बीजेपी ने बोला हमला

इन नारों पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "कुछ लोगों ने JNU को 'टुकड़े-टुकड़े' गैंग का अड्डा बना दिया है। राहुल गांधी, TMC, कम्युनिस्ट जैसे लोग इस गैंग का हिस्सा हैं... ये लोग सुप्रीम कोर्ट में विश्वास नहीं करते। खालिद अंसारी और शरजील इमाम के समर्थन में और PM मोदी, अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं। ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। जिन लोगों की पाकिस्तान वाली मानसिकता है, जो 'चिकन नेक' काटने की बात करते हैं... भारत के लोग ऐसे लोगों को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

जब जेएनयू में हुई थी हिंसा

गौरतलब है कि 5 जनवरी 2020 को जेएनयू परिसर में भारी हिंसा हुई थी, जब नकाबपोश लोगों की भीड़ ने हॉस्टलों में घुसकर छात्रों पर लाठी, पत्थर और लोहे की रॉड से हमला किया था। इस घटना में छात्रसंघ अध्यक्ष आइशी घोष सहित कम से कम 28 लोग घायल हुए थे। उस वक्त दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे थे और छात्र नेताओं को एफआईआर में नामजद किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। ताजा नारेबाजी ने एक बार फिर जेएनयू, राजनीति और अभिव्यक्ति की आजादी के मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article