IndiGo flight cancel: गुजरात के अहमदाबाद से दीव जाने वाली एक इंडिगो उड़ान बुधवार को तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।तय कार्यक्रम के अनुसार अहमदाबाद से दीव के लिए उड़ान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पूर्वाह्न लगभग 11 बजकर 15 मिनट पर रवाना होनी थी।
'इंडिगो उड़ान' तकनीकी कारणों से कैंसिल (फाइल फोटो: istock)
हवाई अड्डे के अधिकारी के अनुसार, कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण इंडिगो की दीव जाने वाली उड़ान रद्द कर दी गई है।विमानन कंपनी सूत्रों ने बताया कि पायलट ने कुछ तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द करने का फैसला लिया।
सभी 50 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित
एक सूत्र ने कहा, 'जब विमान ने उड़ान भरना शुरू किया तो पायलट ने कुछ तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया। उड़ान रद्द कर दी गई है। सभी 50 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।'
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफ़ी मांगी
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफ़ी मांगी और आश्वासन दिया कि आगे कोई व्यवधान न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बयान में कहा गया है, 'हम यात्रियों की पसंद के अनुसार, उन्हें जलपान, अगली उपलब्ध उड़ान में आवास या रद्दीकरण पर पूरा रिफंड दे रहे हैं।'
इंडिगो का बयान आया सामने
इसे लेकर इंडिगो का बयान भी आया है, उसके मुताबिक- '23 जुलाई 2025 को अहमदाबाद से दीव के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E7966 में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का संकेत मिला।मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए, पायलटों ने अधिकारियों को सूचित किया और विमान को बे में वापस भेज दिया। विमान का संचालन फिर से शुरू करने से पहले आवश्यक जांच और रखरखाव किया जाएगा।हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम उनकी पसंद के अनुसार उन्हें जलपान, अगली उपलब्ध उड़ान में आवास या रद्दीकरण पर पूर्ण धनवापसी प्रदान करके इस असुविधा को कम करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमेशा की तरह, इंडिगो में हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
