INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन के सेंट्रल हॉल से विजय चौक तक पैदल मार्च किया। इसके बाद विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की मौजूदगी वाले प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मू को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपा।
'राष्ट्रपति ने हमारी बात सुनी'
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि अभी राष्ट्रपति के साथ हमारी बैठक हुई। एक प्रकार से मैं आश्चर्यचकित रह गया, क्योंकि जब हमने राष्ट्रपति को वोट चोरी के बारे में बताया, तो राष्ट्रपति ने नकारा नहीं। राष्ट्रपति ने ये नहीं कहा कि देश में चुनाव चोरी नहीं हो रही है, बल्कि उन्होंने हमसे कहा कि आप सबूत हमारे पास लेकर आइये। उन्होंने आगे राष्ट्रपति मुर्मू को दिल से धन्यवाद कहा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 'इंडिया' ब्लॉक के नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की, उन्हें 'वोट चोरी' पर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हमने चुनावों में मतपत्र की व्यवस्था फिर से लागू करने की मांग की; राष्ट्रपति ने 'वोट चोरी' के सबूत मांगे, जो हम उन्हें उपलब्ध कराएंगे।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि हम साथ हैं, हम बहुत मजबूत हैं और हम 60 प्रतिशत से अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
विजय चौक पर धरने पर बैठे सांसद
प्रियंका गांधी वाड्रा, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, डीके शिवकुमार सहित तमाम विपक्षी सांसद विजय चौक पर धरने पर बैठ गए और लगातार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
सेंट्रल हॉल में विपक्षी नेताओं ने किया मंथन
इससे पहले, विपक्षी सांसदों ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठकर 'वोट चोरी' के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी रणनीति पर मंथन किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली में शनिवार को बंद जैसे हालात! CP में नहीं खुलेंगे रेस्त्रां, दुकानें और ऑफिस; वर्चुअल तरीके से काम करेंगे कोर्ट
'सरकार को बर्खास्त करना होगा'
सेंट्रल हॉल में विपक्षी सांसदों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना हम सब की जिम्मेदारी है। पिछले कुछ सालों में जैसे नतीजे आए हैं खासतौर पर गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र में, मैं अभी तक विश्वास नहीं कर पा रहा हूं ऐसा कैसे हुआ? लेकिन मुझे तब पता चला जब मेरे हाथ में सबूत आए। उन्होंने आगे कहा कि ये सिर्फ ज्ञानेश कुमार कि बात नहीं है, अब सरकार को बर्खास्त करना होगा। ज्ञानेश कुमार खुद को समझते क्या है? जनता के प्रतिनिधियों से मिलना उनका काम है। ज्ञानेश कुमार को हमसे मिलना होगा, किसी भी हालत में मिलना होगा।
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई.टी. मोहम्मद बशीर, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, भाकपा महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह नदवी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल और कई अन्य नेता मौजूद थे।
