Independence Day 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देश को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण के लिए और भी अधिक मेहनत करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने तथा एक विकसित भारत के निर्माण के लिए और भी अधिक परिश्रम करने के लिए प्रेरित करे। जय हिंद।’’
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं (फाइल फोटो: AP)
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने एक अन्य ‘पोस्ट’ में लिखा, ‘‘मेरी कामना है कि यह सुअवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश एवं नयी स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले। जय हिंद!’’ आजादी की वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री लाल किले से 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को पारंपरिक संबोधन देंगे।
छावनी में तब्दील हुआ लाल किला
दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में जमीन से लेकर आसमान तक दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG), विशेष सुरक्षा समूह (SPG), सैन्य खुफिया और अन्य एजेंसियों ने सुरक्षा के अभेद बंदोबस्त किए हैं। दिल्ली में चप्पे-चप्पे की गश्ती हो रही है। 20,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वाहनों और व्यक्तियों के लिए जांच चौकियां बना दी गई हैं और निगरानी के उपाय बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम लगाए गए हैं जिनमें चेहरे की पहचान, घुसपैठ रोधी कैमरे, लोगों की गिनती करने वाले कैमरे, स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (ANPR) इत्यादि चीजों का पता लगाने वाले सिस्टम शामिल हैं।
