Kichcha Sudeep : कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए वह केवल मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और कुछ नेताओं का प्रचार करेंगे। पत्रकारों के साथ बातचीत में सुदीप ने कहा कि 'फिल्म इंडस्ट्री में जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की तो मैं बुरे दौर से गुजरा। उस समय बोम्मई ने मेरा साथ दिया। इसलिए मैं चुनाव में बोम्मई और कुछ मित्रों का व्यक्तिगत स्तर पर समर्थन कर रहा हूं। मेरा यह समर्थन सीधे तौर पर भाजपा के लिए नहीं है और न ही मैं इस पार्टी में शामिल हो रहा हूं। बोम्मई मेरे लिए मामा के समान हैं। इसलिए मैं उनका समर्थन कर रहा हूं।' कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे और चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे।
कर्नाटक में 10 मई को होंगे विधानसभा चुनाव। -Instagram
कन्नड़ के लोकप्रिय अभिनेता हैं सुदीप
कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी सिरामुलू ने कहा कि अभिनेता के भाजपा में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा, 'किच्चा सुदीप काफी लोकप्रिय अभिनेता के साथ मशहूर नेता भी हैं। एक कलाकार के रूप में देश में उनका काफी नाम है। भाजपा के लिए उनका समर्थन चुनाव में पार्टी को लाभ पहुंचाएगा।' मंत्री ने आगे कहा कि दूसरे दलों के नेता एवं कलाकार भाजपा में शामिल हो रहे हैं, इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
सुदीप को धमकी भरा पत्र भेजा गया
मंत्री ने आगे कहा कि राज्य में भाजपा के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है और कर्नाटक की सत्ता में पार्टी फिर वापसी करेगी। इसबीच, पुलिस का कहना है कि अभिनेता को कथित रूप से एक धमकी भरा पत्र मिला है। धमकी भरा यह पत्र बुधवार को अभिनेता के मैनेजर को भेजा गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह पत्र अज्ञात व्यक्ति ने भेजा है। इस व्यक्ति ने अभिनेता का 'प्राइवेट वीडियो' सोशल मीडिया में शेयर करने की धमकी दी है। अभिनेता का कहना है कि वह जांच में पुलिस का सहयोग करेंगे।
मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक नंदीहल्ली हलप्पा और प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ अप्पाजी गौड़ा भाजपा में शामिल हुए। गौड़ा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार के खिलाफ कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं।
