अमृतसर: अभिनेत्री शहनाज गिल (Shehnaz Gill) के पिता संतोख सिंह सुख (Santokh Singh Sukh) को जान से मारने की धमकी मिली है। सुख ने शनिवार को बताया कि आज हमने एसएसपी अमृतसर ग्रामीण को शिकायत दी। शुक्रवार को मुझे हैप्पी नाम के एक शख्स का फोन आया जिसने मुझे दिवाली से पहले जान से मारने की धमकी दी। मुझे लगता है कि वे मुझे निशाना बनाना चाहते हैं क्योंकि मैं एक हिंदू नेता हूं।
अभिनेत्री शहनाज गिल के पिता संतोख सिंह सुख जान से मारने की धमकी
शहनाज गिल के पिता ने कहा कि अगर मैं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा हूं जैसा मैं अभी महसूस कर रहा हूं तो मैं पंजाब छोड़ दूंगा और चंडीगढ़ या मुंबई में शिफ्ट हो जाऊंगा। अगर कुछ दिनों में गिरफ्तारी नहीं हुई तो मैं पंजाब छोड़ दूंगा।
संतोख सिंह ने कहा कि वह विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े थे और इसलिए उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इसकी जांच करने का आग्रह किया नहीं तो जल्द ही उन्हें पंजाब छोड़कर कहीं और बसने के लिए मजबूर किया जाएगा। इस संबंध में अमृतसर की एसपी जसवंत कौर ने कहा है कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से शिकायत मिली है। उनके पास पहले से ही 2 गनमैन हैं और आज एक और गनमैन मुहैया कराया गया है। हम कॉल ट्रेस करेंगे और पूरी जांच की जाएगी।
गौर हो कि यह पहली बार नहीं है जब संतोख सिंह को धमकी दी गई है। कथित तौर पर दिसंबर 2021 में बीजेपी में शामिल होने के बाद, उन पर दो लोगों ने हमला किया था। जानकारी के अनुसार वह अपनी कार के अंदर बैठे थे तभी दो अज्ञात हमलावरों ने आकर उन पर गोली चला दी थी।
इस बीच शहनाज बिग बॉस 13 में शामिल होने के बाद फेमस हो गईं। शहनाज और सिद्धार्थ शुक्ला जिन्हें प्रशंसकों द्वारा 'सिडनाज़' कहा जाता है, जब वे 'बिग बॉस 13' के घर में थे, तब वे एक-दूसरे के करीब आ गए थे, हालांकि वे कभी भी आधिकारिक तौर पर एक जोड़े के रूप में स्वीकार नहीं किया। सिद्धार्थ ने 2020 में यह रियलिटी शो जीता था।
