Amit Shah Jammu Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार रात दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे। इस दौरान वह जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे और क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जम्मू हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गृह मंत्री का स्वागत किया। उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "आज जम्मू हवाई अड्डे पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का स्वागत किया।"
सीमावर्ती चौकियों का दौरा करेंगे शाह
अधिकारियों के अनुसार, शाह शुक्रवार को कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमावर्ती चौकियों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सीमा बलों के लिए छह कल्याणकारी योजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे। सीमावर्ती चौकियों के दौरे से लौटने के बाद गृह मंत्री जम्मू के लोक भवन में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वह आतंकवाद के शिकार परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को अमित शाह जम्मू में स्थित लोक भवन में जम्मू-कश्मीर के विकास से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।
यातायात रूट में स्थायी बदलाव नहीं
एसएसपी ट्रैफिक जम्मू अमित भसीन ने गृहमंत्री के दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वीवीआइपी मूवमेंट के बावजूद शहर में किसी भी प्रमुख यातायात रूट में स्थायी बदलाव नहीं किया गया। आम जनता को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे शाह
गृह मंत्री सात फरवरी को जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे जहां वे जम्मू-कश्मीर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। उसी दिन दोपहर में श्री शाह श्रीनगर से छत्तीसगढ़ में रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। गृह मंत्री की पिछले एक महीने से कम समय में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर ये दूसरी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। इससे पहले उन्होंने आठ जनवरी को नई दिल्ली में एक बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी।
