Indias First Holi Celebration in 2023: देश में सबसे पहले उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के आंगन में होली मनाई गई, सोमवार शाम को परंपरानुसार संध्या आरती मे बाबा को अबीर, गुलाल लगाया गया और आरती के बाद महाकाल मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन किया गया। पुजारियो ने फूलों की होली खेली। मंदिर परिसर में पहुंचे भक्तों ने भी खूब गुलाल खेला।
महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष गुरु ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर की परंपरा व पञ्चाङ्ग अनुसार संध्या आरती में बाबा श्री महाकाल को मंदिर में अर्पित फूलों से बना गुलाल तथा शक्कर की माला अर्पित की गई। सोमवार को भस्म आरती के दौरान फाग उत्सव का अपार उत्साह देखने को मिला वहीं महाराष्ट्र से आए एक भक्त ने मंदिर के फाग उत्सव में 40 क्विंटल फूल अर्पित किए।
भक्तों ने एक दूसरे पर बरसाए फूल
भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल ने फूलों की होली खेलकर फाग उत्सव मनाया नंदी हॉल में भी जमकर भक्तों ने एक दूसरे पर फूल बरसाए और फाग उत्सव का आनंद उठाया।
7 मार्च को यहां हर्बल गुलाल से खेली जाएगी होली
शासकीय पुजारी घनश्याम गुरुजी व अन्य पुजारी, पुरोहितगण ने होलिका का पूजन किया तत्पश्चात होलिका दहन श्री महाकाल मन्दिर प्रांगण में किया गया बताया जा रहा है कि मंगलवार यानी 7 मार्च को छोटी होली पर बाबा महाकाल के दरबार में हर्बल गुलाल से होली खेली जाएगी वहीं सोमवार को भस्म अर्पित करने के बाद भगवान ने निराकार से साकार रूप में दर्शन दिए।
