Himanta Biswa Sarma: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर गंभीर हमला बोला है। सीएम ने बुधवार को कहा कि राज्य स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में गौरव गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच संबंध होने की बात सामने आई है। इसके बारे में वह आठ फरवरी को प्रेस कॉन्फेंस में खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाली 8 तारीख को सिर्फ शुरुआत होगी। मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सब कुछ सार्वजनिक कर दूंगा।'
'साजिश' का अब तक "एक प्रतिशत" हिस्सा ही सामने आया-सरमा
सरमा ने दावा किया कि कांग्रेस नेता के पाकिस्तान से कथित संबंधों की जांच में भारत को कमजोर करने की एक वैश्विक 'साजिश' का अब तक केवल एक प्रतिशत हिस्सा ही सामने आया है। सरकारी कार्यक्रम के इतर यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा कि असम पुलिस किसी एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे तंत्र के खिलाफ जांच कर रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी के 'पाकिस्तान से सीधे संबंध' हैं।
यह एक पूरे तंत्र के खिलाफ-असम सीएम
उन्होंने कहा, 'यह एक बेहद संवेदनशील जांच है। इसे केवल असम की राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। यह एक वैश्विक साजिश है।" उन्होंने आगे कहा, 'यह मत समझिए कि यह जांच किसी एक व्यक्ति के खिलाफ है, यह एक पूरे तंत्र के खिलाफ है। हमने जो कुछ किया है, वह सिर्फ एक प्रतिशत है, क्योंकि हम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, भारत सरकार से जुड़ा डेटा जुटा नहीं सके और न ही इंटरपोल का सहयोग ले पाए।' वहीं सोनारी में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया जब भी होगी "बहुत व्यापक और पूरी तरह से सही तरीके से" होगी।
विस चुनाव के बाद असम में होगा SIR
शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में एसआईआर कराया जाएगा। फिलहाल असम में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण (एसआर) जारी है। उन्होंने कहा, "यहां एसआईआर बहुत व्यापक और सही तरीके से किया जाएगा। मैंने निर्वाचन आयोग से अब भी एसआईआर कराने का अनुरोध किया था, लेकिन राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) का प्रकाशन न होने के कारण आयोग ने एसआर कराया।"
