देश

असम भाजपा में अंतर्कलह; विधायकों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की दी धमकी; मान-मनौव्वल में जुटे हिमंत बिस्वा सरमा

Assam Assembly Election 2026: असम में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते भाजपा से टिकट न मिलने पर कई निवर्तमान विधायकों और अन्य नेताओं ने निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ने की धमकी दी है।

Image

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (फोटो साभार: @himantabiswa)

Photo : Twitter

Assam Assembly Election 2026: असम में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते भाजपा से टिकट न मिलने पर कई निवर्तमान विधायकों और अन्य नेताओं ने निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ने की धमकी दी है, जिसके बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश पार्टी प्रमुख दिलीप सैकिया उन्हें मनाने में जुटे हुए हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस नेताओं प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा के हाल में भाजपा में शामिल होने और उसके बाद उन्हें क्रमशः दिसपुर तथा बिहपुरिया विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी का टिकट पाने के इच्छुक कई नेता नाराज हो गए हैं। सबसे मुखर विरोध दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र में हुआ है, जहां वरिष्ठ पार्टी नेता जयंत दास के उम्मीदवार बनने की प्रबल संभावना थी, लेकिन बोरदोलोई के पाला बदलने एवं उन्हें प्रत्याशी घोषित किए जाने से स्थिति बिल्कुल बदल गई है।

जयंत दास ने सरमा के खिलाफ खुलकर विद्रोह कर दिया है और उन पर आरोप लगाया कि उन्होंने कांग्रेस से अपने करीबी सहयोगियों को लाकर एवं भाजपा के पुराने नेताओं की अनदेखी करके पार्टी को 'कांग्रेस भाजपा' बना दिया है। उन्होंने भाजपा छोड़ दी है और संभवतः दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ेंगे। उनका दावा है कि उनके समर्थकों ने नामांकन पत्र एकत्र कर लिए हैं।

कौन हैं अतुल बोरा?

भाजपा ने मौजूदा विधायक और वरिष्ठ नेता अतुल बोरा को भी टिकट नहीं दिया है। वह 2016 से दो बार निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक रह चुके हैं। वह 1985 से दो बार अगप नेता के तौर पर भी विधानसभा पहुंच चुके हैं। अतुल बोरा ने भी घोषणा की कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने उन्हें मनाने के लिए उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि वरिष्ठ नेता ने अपनी योजना के बारे में कुछ भी खुलासा नहीं किया।

टिकट नहीं मिलने से कलिता नाराज

दो अन्य निर्वाचन क्षेत्रों, नए गुवाहाटी और गुवाहाटी मध्य में भी असंतोष चरम पर है, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ भट्टाचार्य और अगप के रामेंद्र नारायण कलिता (दोनों पूर्व मंत्रियों) को टिकट नहीं दिया गया है। भट्टाचार्य ने ही 2015 में सरमा को भाजपा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि वह पार्टी से नाराज नहीं हैं, लेकिन वह चुनाव में अपनी भागीदारी के बारे में कुछ कह भी नहीं रहे हैं।

कलिता टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। मुख्यमंत्री उन्हें मनाने के लिए उनके आवास पर भी पहुंचे। भट्टाचार्य की जगह समागुरी के मौजूदा विधायक दीप्लू रंजन सरमा को उम्मीदवार बनाया गया है, जो वरिष्ठ नेता का आशीर्वाद लेने के लिए उनके घर पहुंचे। कलिता की जगह भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गुप्ता को प्रत्याशी बनाए जाने से भी निर्वाचन क्षेत्र के कुछ मतदाताओं में नाराजगी है, क्योंकि पहली बार किसी हिंदी भाषी को इस सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

भूपेन बोरा को टिकट देने से बढ़ी नाराजगी

बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र में भी आक्रोश चरम पर है, जहां भूपेन बोरा को मौजूदा भाजपा विधायक अमिया कुमार भुइंया की जगह प्रत्याशी बनाया गया है।

ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) के पूर्व नेता भुइंया ने कहा कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं और इस मामले पर अपने समर्थकों के साथ चर्चा कर रहे हैं।

जोरहाट के पूर्व सांसद तपन कुमार गोगोई सोनारी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं, जहां से उन्होंने 2016 में जीत हासिल की थी। वह 2024 के संसदीय चुनाव में जोरहाट सीट से गौरव गोगोई से हार गए थे। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक चाहते हैं कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ें और 'हम इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।'

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!