Snow fall in Gulmarg : जम्मू एवं कश्मीर के गुलमर्ग में शुक्रवार को भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी इतनी हुई है कि चारो तरफ बर्फ की सफेद चादर सी बिछ गई है। पहाड़ी चोटियां, जंगल, घर और मैदान पूरी तरह बर्फ से अटे पड़े हैं। इस बर्फबारी से राज्य के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही इसने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। लोगों का घरों से बाहर निकलना बंद हो गया है और यातायात प्रभावित हुआ है। यातायात बहाल करने के लिए अधिकारी लगातार काम में लगे हुए हैं। सड़कों एवं रास्तों पर जमी बर्फ मशीन से हटाई जा रही है। हालांकि, इस बर्फबारी से गुलमर्ग की प्राकृतिक सुंदरता में कई गुना इजाफा हो गया। बर्फ की सफेद चादर में लिपटा गुलमर्ग पहले से ज्यादा खूबसूरत लग रहा है।
गुलमर्ग में बर्फबारी। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत
श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई
कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई, और श्रीनगर में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण शुक्रवार को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया और यहां से 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों और ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि शहर के ऊपरी इलाकों में लगभग दो इंच बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों में तीन से चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई।
गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग पर्यटक रिसॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम रिसॉर्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी। अधिकारियों ने बताया कि बडगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा जिलों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि अनंतनाग और कुलगाम जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई।
20 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं
उन्होंने बताया कि श्रीनगर के मुख्य इलाके के कुछ हिस्सों सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में बारिश भी हुई। यहां श्रीनगर हवाई अड्डे पर बर्फ जमा होने के कारण उड़ानों का संचालन बाधित हुआ, क्योंकि रनवे उपलब्ध नहीं था। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा, ‘खराब मौसम के कारण अब तक 20 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। फिलहाल रनवे उपलब्ध नहीं है और बर्फबारी रुकने के बाद भी इसे चालू होने में कम से कम चार घंटे लगेंगे।’यातायात विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई जगहों पर हिमपात और बारिश के कारण यातायात बंद कर दिया गया है।
