कनाडा में मारे गए खालिस्तान समर्थक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। एक कथित लीक ऑडियो में कनाडा में रह रहा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने और उसकी टीम ने ही निज्जर की हत्या करवाई थी। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हरदीप निज्जर की हत्या पर गोल्डी बराड़ का कथित कबूलनामा। ANI
यह कथित ऑडियो गोल्डी बराड़ और खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। ऑडियो में बराड़ ने कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि निज्जर उन लोगों को समर्थन दे रहा था, जो युवाओं को ड्रग्स के कारोबार में धकेल रहे थे।
खालिस्तान समर्थक आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत के दौरान गोल्डी बराड़ ने कहा कि उसने ही निज्जर को मारा है। बरार ने कहा, "निज्जर युवाओं को ड्रग्स के जाल में फंसाने वालों का समर्थन करता था। जिन लोगों ने युवाओं को ब्लैकमेल करनके ड्र्ग्स बेचने और मुखबिर बनने पर जमबूर किया। निज्जर ऐससे लोगों को जमबूत बना रहा था तारि समय यआने पर उनका इस्तेमाल कर सके। इसलिए मैंने और मेरी टीम ने मिलकर उसे मार डाला।"
बराड़ के कथित बयान के मुताबिक, 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए उकसाया और ब्लैकमेल किया जा रहा था और निज्जर ऐसे लोगों को मजबूत कर रहा था। इसी वजह से उसने अपनी टीम के साथ मिलकर निज्जर को खत्म करने का दावा किया।
2023 में हुई थी निज्जर की हत्या
हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में भारी तनाव पैदा हो गया था। तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर हत्या से जुड़े होने के आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत ने खारिज कर दिया था।
हाल में कनाडाई जांचकर्ताओं ने कहा था कि निज्जर की हत्या में भारतीय अधिकारियों की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है। कनाडा की आरसीएमपी की डिप्टी कमिश्नर लिसा मोरलैंड ने भी कहा था कि इस मामले में भारतीय अधिकारियों के खिलाफ आरोप या उनकी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं है।
गोल्डी बराड़ पर पहले से कई गंभीर आरोप
गोल्डी बराड़ भारत में कई हत्याओं समेत गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। उसका नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से भी जुड़ा रहा है। पिछले महीने अमेरिकी एफबीआई ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले को 50 हजार डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी।
निज्जर हत्याकांड को लेकर सामने आया यह कथित ऑडियो ऐसे समय में आया है जब भारत और कनाडा के बीच इस मामले को लेकर पहले से मौजूद विवाद की दिशा बदलती नजर आ रही है। हालांकि, सिर्फ कथित ऑडियो में किए गए दावे को हत्या की अंतिम पुष्टि या न्यायिक निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।
