LIVE

G20 Summit 2023 Updates: आज से 'विश्वोत्सव' का आगाज, जी20 सम्मेलन से पहले मिले मोदी-बाइडन; दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

अभिषेक गुप्ताUpdated Sep 9, 2023, 06:44 IST

G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi
G20 Summit 2023 Updates: आज से 'विश्वोत्सव' का आगाज, जी20 सम्मेलन से पहले मिले मोदी-बाइडन; दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

G20 Summit 2023 Delhi News in Hindi: राजधानी दिल्ली में आज से "विश्वोत्सव" यानी कि जी-20 सम्मेलन का आगाज हो रहा है। इसके लिए शुक्रवार (आठ सितंबर, 2023) को सभी विदेशी मेहमान दिल्ली पहुंच चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी दिल्ली पहुंचे, सात लोक कल्याण मार्ग पर पीएम मोदी से उनकी मुलाकात और बात हुई। बताया गया कि दोनों के बीच 50 मिनट से अधिक बातचीत हुई। पीएम मोदी-राष्ट्रपति बाइडन की वार्ता पर अमेरिका के व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पीएम मोदी ने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच घनिष्ठ और स्थायी साझेदारी की पुष्टि करते हुए आज संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का भारत में स्वागत किया। नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की जून 2023 की ऐतिहासिक वाशिंगटन यात्रा की अभूतपूर्व उपलब्धियों को लागू करने के लिए चल रही पर्याप्त प्रगति के लिए अपनी सराहना व्यक्त की। इस बीच, जी-20 इंडिया के विशेष सचिव मुक्तेश परदेसी ने कहा कि भारत के पास अध्यक्षता होना "सुनहरा अवसर" है। देश वैश्विक मंच पर छाप छोड़ने को तैयार है। सम्मेलन का व्यापक एजेंडा 'वसुधैव कुटुंबकम' - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” के इर्द-गिर्द रहेगा। यह केवल एक आयोजन नहीं है, देश में समग्र पृष्ठभूमि सकारात्मक है। हमारी आजादी के 75 वर्ष पूरे हुए, हम अभी पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं, हम सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। बहुत सी चीजें भारत के पक्ष में हैं। सम्मेलन से पहले देश में लोगों का मूड 'उत्साहपूर्ण' है और ऐसा इसलिए है क्योंकि "देश तैयार है"।

SEPT 09, 2023 06:23 IST

कैसे होगी जी20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत?

"कुछ ही घंटों में जी-20 शिखर सम्मेलन शुरू हो जाएगा। कई राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री और मंत्री शुक्रवार को भारत पहुंच चुके हैं। जी20 सम्मेलन का पहला दिन नेताओं के औपचारिक स्वागत के साथ शुरू होगा। उसके बाद, उद्घाटन सत्र दोपहर के भोजन तक जारी रहेगा। प्रधानमंत्री एक दोपहर के भोजन की मेजबानी करेंगे। आज ही प्रतिनिधियों के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और वाद्य संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
SEPT 09, 2023 06:21 IST

10 हजार लोगों के मैनेजमेंट की क्या है तैयारी?

भारत मंडपम में प्रतिनिधियों के लिए व्यवस्था पर बोलते हुए जी20 के विशेष सचिव मुक्तेश परदेशी ने बताया कि टीम शिखर सम्मेलन में 10,000 लोगों को प्रबंधित करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि 'टीम कई समूहों में विभाजित हैं। एक वीवीआईपी, प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों, नेताओं और मंत्रियों के लिए है। उसके बाद साथ आये शिष्टमंडल, देश शिष्टमंडल. इसके अलावा, हम 2500-3000 मीडिया (कार्मिक) की उम्मीद कर रहे हैं। फिर भारत सरकार के कर्मचारी भी हैं।'
SEPT 09, 2023 05:40 IST

असम के मुख्यमंत्री जी20 समिट के लिए पहुंचे दिल्ली

G 20 in India: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। इससे पहले असम के गुवाहाटी में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि "हमने केंद्र सरकार से असम राज्य से सशस्त्र बल विशेष शक्ति अधिनियम (एएफएसपीए) को पूरी तरह से हटाने का अनुरोध करने का फैसला किया है। हालांकि, हम केंद्र सरकार के फैसले का पालन करेंगे, विशेष रूप से गृह मंत्रालय, क्योंकि आखिरकार, केंद्र सरकार ही स्थिति का आकलन करेगी। हालांकि, जहां तक राज्य सरकार का सवाल है, हमने एएफएसपीए को पूरी तरह से वापस लेने की सिफारिश करने का फैसला किया है।"
SEPT 09, 2023 05:37 IST

दिल्ली के वसंत कुंज और मुनिरका इलाके में भी बारिश

SEPT 09, 2023 05:36 IST

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में बारिश

SEPT 09, 2023 05:35 IST

राजधानी दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

जी20 सम्मेलन को लेकर राजधानी दिल्ली पूरी तरह तैयार है। आज से दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का आगाज होने जा रहा है। आगाज से पहले दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया। शनिवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों हल्की बारिश होती दिखी। दिल्ली के नरेला, वसंत कुंज और मुनिरका एन्क्लेव से तस्वीरें सामने आई हैं।
SEPT 09, 2023 05:31 IST

जी20 के विशेष सचिव ने कहा- दिल्ली तैयार है

दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन के लिए राजधानी दिल्ली तैयार है। जी20 के विशेष सचिव, मुक्तेश परदेशी ने शुक्रवार को कहा कि भव्य आयोजन का एक फायदा यह होगा। भारत को यह दिखाना होगा कि वह "किसी भी तरह के आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है"। मुक्तेश परदेशी ने कार्यक्रम की व्यवस्था पर बोलते हुए बताया कि 'वहां एक सहायक स्टाफ है जो सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है। इसमें शिल्पकार भाग ले रहे हैं। इन सबका प्रबंधन एक बहुत बड़ी संगठनात्मक योजना है। हम इस पर महीनों से काम कर रहे हैं।' जी-20 शिखर सम्मेलन का एक फायदा यह होगा कि हम दुनिया को बता सकते हैं कि हम किसी भी तरह का आयोजन करने के लिए तैयार हैं।'
SEPT 09, 2023 05:24 IST

दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर पुलिस का चेकिंग अभियान

SEPT 09, 2023 05:23 IST

दिल्ली के ITO से आई मनमोहक तस्वीर

SEPT 08, 2023 23:58 IST

एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रेसिडेंट भी पहुंचे इंडिया

SEPT 08, 2023 23:51 IST

बाइडन ने इंडिया आने के बाद क्या कहा? देखिए

SEPT 08, 2023 23:49 IST

मोदी और बाइडन ने मुक्त, खुले, समावेशी हिंद-प्रशांत के समर्थन में क्वाड के महत्व पर जोर दिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मुक्त, खुले, समावेशी और लचीले हिंद-प्रशांत का समर्थन करने में क्वाड समूह के महत्व पर शुक्रवार को जोर दिया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी एक संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी 2024 में भारत की मेजबानी में होने वाले ‘क्वाड’ नेताओं के अगले शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। ‘क्वाड’ समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। क्वाड क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य आक्रामकता की पृष्ठभूमि में एक मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत सुनिश्चित करने के लिए व्यावहारिक सहयोग पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। बयान में कहा गया है, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडन ने अपनी सरकारों, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच उच्च-स्तरीय जुड़ाव को बनाए रखने और भारत-अमेरिका के बीच एक स्थायी साझेदारी के लिए अपनी महत्वाकांक्षी दृष्टि को साकार करने का संकल्प किया, जो एक उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य के दोनों देशों के लोगों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाता है, वैश्विक भलाई की पूर्ति करता है और मुक्त, खुले, समावेशी एवं लचीले हिंद-प्रशांत में योगदान देता है।
SEPT 08, 2023 23:48 IST

स्पेन के राष्ट्रपति कोरोना वायरस से संक्रमित, जी20 शिखर सम्मेलन में नहीं लेंगे भाग

स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद शनिवार से यहां शुरू होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। सांचेज ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज दोपहर मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है और मैं जी20 शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली नहीं जा पाऊंगा।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सांचेज के शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सांचेज की पोस्ट के जवाब में मोदी ने कहा, “आगामी जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान हम आपके व्यावहारिक विचारों को याद करेंगे। साथ ही, भारत आए स्पेनिश प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत है।” स्पेन का प्रतिनिधित्व प्रथम उपराष्ट्रपति और आर्थिक मामलों की मंत्री नादिया कैल्विनो और विदेश मामलों के मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस करेंगे। सांचेज शिखर सम्मेलन से हटने वाले तीसरे नेता हैं।
SEPT 08, 2023 23:02 IST

जी-20 मुल्कों के वित्त मंत्रियों के लिए सीतारमण ने रखी डिनर पार्टी

SEPT 08, 2023 23:01 IST

ब्राजील के टॉप नेता भी पहुंचे इंडिया

SEPT 08, 2023 23:00 IST

इंडिया आ गए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, यूं पहुंचे दिल्ली एयरपोर्ट

SEPT 08, 2023 22:58 IST

अभेद किले में बदल दी गई दिल्ली

इस समिट को लेकर दिल्ली को अभेद किले में बदल दिया गया है। दिल्ली पुलिस अपने नियंत्रण कक्ष से पांच हजार सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क के जरिये जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान शहर और इसकी सड़कों पर कड़ी नजर रखेगी। वहीं जी-20 शिखर सम्मेलन की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए काउंटर-ड्रोन सिस्टम में महत्वपूर्ण दूरी से ड्रोन का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने की क्षमता है और इसे हाल के दिनों में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घटनाओं को कवर करने के लिए तैनात किया गया है।
SEPT 08, 2023 22:45 IST

भारत, अमेरिका के बीच मित्रता वैश्विक भलाई के लिए भूमिका निभाना जारी रखेगी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर केंद्रित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मोदी ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच मित्रता वैश्विक भलाई को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती रहेगी। यह मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बाइडन के नयी दिल्ली पहुंचने के तत्काल बाद हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन का 7, लोक कल्याण मार्ग पर स्वागत करके प्रसन्नता हुई। हमारी मुलाकात बेहद सार्थक रही।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने कई विषयों पर चर्चा की, जिससे भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और लोगों के बीच संबंधों को मजबूती मिलेगी। हमारे दोनों देशों के बीच की दोस्ती वैश्विक भलाई को आगे बढ़ाने में एक अहम भूमिका निभाती रहेगी।’’
SEPT 08, 2023 22:44 IST

"भारत वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार"

जी20 इंडिया के विशेष सचिव मुक्तेश परदेसी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा- जी-20 की अध्यक्षता इस समय एक सुनहरा अवसर है। भारत वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है।
SEPT 08, 2023 22:20 IST

सुनक ने कहा, ब्रिटेन-भारत व्यापार समझौते में ‘‘जल्दबाजी नहीं'' करेंगे: बीबीसी रिपोर्ट

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत में प्रगति हुई है, लेकिन वह व्यापार समझौता संपन्न करने में ‘‘जल्दबाजी नहीं करेंगे।’’ बीबीसी की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। सुनक नौ-10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हुए हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि दोनों देशों के अधिकारियों के बीच एफटीए को लेकर पिछले महीने 12वें दौर की वार्ता संपन्न हुई थी। समझौते के लिए बातचीत जनवरी 2022 में शुरू की गई थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एफटीए पर बातचीत पूरी होने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं करेंगे। सुनक के हवाले से कहा गया कि इस दिशा में प्रगति हुई है, लेकिन ‘‘हम अभी तक वहां नहीं पहुंचे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं उन चीजों पर जल्दबाजी नहीं करूंगा जब तक कि वे हमारे हित में न हों।’’ सुनक ने हाल ही में कहा था कि भारत के साथ एफटीए को अंतिम रूप देने के मामले में ‘‘प्रगति हो रही है’’ और ब्रिटेन इस पर तभी सहमत होगा जब वह पूरी तरह उसके हित में हो।