Akhilesh Yadav : लोकसभा चुनाव 2024 में देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। वे राष्ट्रीय राजनीति में अखिलेश यादव की बड़ी भूमिका देखने लगे हैं। कार्यकर्ताओं की चाहत अब उन्हें देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखने की है। अखिलेश यादव के जन्मदिन से दो दिन पहले उन्हें देश का भावी प्रधानमंत्री बताते हुए शुभकामनाएं दी गई हैं। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर अखिलेश की तस्वीर वाली होर्डिंग में उन्हें भावी प्रधानमंत्री बताया गया है।
लखनऊ में अखिलेश यादव की होर्डिंग।
यूपी लोकसभा चुनाव में सपा को मिलीं 37 सीटें
उत्तर प्रदेश में सपा ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार उसने लोकसभा की 37 सीटें जीती हैं। इतनी सीटें मुलायम सिंह के दौर में भी सपा को नहीं मिलीं। अखिलेश यादव के नेतृत्व में अब तक लड़े गए लोकसभा चुनाव में सपा का यह सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। अपने इस प्रदर्शन से इसने हर किसी को चौंका दिया है। उसके कई उम्मीदवार 1 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल किए। यूपी की इस जीत सपा गदगद है और राष्ट्रीय राजनीति में वह अपने नेता का बड़ा हुआ कद देखना चाहती है। इंडिया गठबंधन को यूपी में 43 सीटें मिलीं।
भाजपा को इस बार 29 सीट का नुकसान
लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसके गठबंधन के साथियों को महज 34 सीटों पर जीत मिली। इस बार उसे 29 सीटों का नुकसान हुआ। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन 64 सीटों पर चुनाव जीता था। कन्नौज सीट से अखिलेश यादव ने भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक को 1,70,076 वोटों से हराया। सपा अध्यक्ष को चुनाव में 6,40,207 वोट मिले। कन्नौज सीट पर कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के पोस्टर
यही नहीं, राम मंदिर के निर्माण के बावजूद भाजपा को फैजाबाद सीट हारनी पड़ी। इस सीट पर भाजपा के दो बार के सांसद लल्लू सिंह को हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद विजयी हुए। अखिलेश को देश का भावी पीएम बताने वाला यह पहला पोस्टर नहीं है। इसके पहले चार जून को भी कन्नौज में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसी तरह के पोस्टर के साथ जीत का जश्न मनाया।
