तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा। सुखेंदु शेखर रे सहित तीनों राज्यसभा सांसद थे और उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दिया था।
सुखेंदु शेखर, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक ने थामा भाजपा का दामन
भट्टाचार्य की मौजूदगी में नेताओं ने ली शपथ
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भट्टाचार्य ने भाजपा के सॉल्ट लेक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में खुद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक को भाजपा का पट्टा पहनाया और झंडा भेंट कर पार्टी में स्वागत किया। इस कार्यक्रम में राज्य के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
भट्टाचार्य ने कहा, ''गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की सरकार है। अब श्यामाप्रसाद मुखर्जी की धरती पर भी भाजपा की सरकार बन चुकी है... हम तीनों नेताओं का मन से, दिल से और खुशी से स्वागत करते हैं।''
BJP जता सकती है भरोसा
ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि टीएमसी के तीनों पूर्व राज्यसभा सांसदों पर भाजपा भरोसा जता सकती है। ऐसे में पार्टी उन्हें अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाकर आगामी राज्यसभा चुनाव में उतार सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: TMC को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, सशर्त फ्रीज अकाउंटों का कर सकेंगे इस्तेमाल; स्पेशल ऑफिसर भी किया नियुक्त
सनद रहे कि बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद पिछले महीने सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था और टीएमसी को भी अलविदा कह दिया।
भट्टाचार्य ने कहा कि इन तीनों पूर्व सांसदों का अनुभव पश्चिम बंगाल में भाजपा को और मजबूत करेगा। उनकी यह टिप्पणी उनके उस पहले के रुख के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा सत्तारूढ़ दल के 'बेदाग' नेताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए तैयार है। उनके इस रुख की पार्टी के भीतर भी आलोचना हुई थी, जिसमें वरिष्ठ नेता दिलीप घोष भी शामिल थे।
