Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को 10 माह हो चुके हैं और अब पीड़ित परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और ब्लैक बॉक्स का डेटा जारी करने की गुहार लगाई है।
अहमदाबाद विमान हादसे के शोकाकुल परिवारों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र (फाइल फोटो)
क्या है पूरा मामला
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो एक बोइंग 787-8 विमान था, 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही विमान एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल कॉम्प्लेक्स में जा गिरा। जिसके बाद विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार 242 में से 241 लोगों की और जमीन पर मौजूद अन्य 19 लोगों की मौत हो गई।
प्लेन त्रासदी की क्या है सच्चाई?
गुजरात भर से लगभग 30 शोकाकुल परिवार शनिवार को अहमदाबाद में एकजुट हुए और उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर इस त्रासदी के पीछे की सच्चाई पता लगाने के लिए सीवीआर और ब्लैक बॉक्स का डेटा जारी करने की अपील की। शोकाकुल परिवारों ने कहा, ''हम सच्चाई जानना चाहते हैं कि यह हादसा किस वजह से हुआ और क्या इसमें कोई तकनीकी खामी थी।''
DGCA को भी भेजा गया पत्र
इस पत्र की प्रतियां विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल को भी भेजी गईं। पत्र में कहा गया है कि अगर ब्लैक बॉक्स का डेटा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है तो कम से कम उसे पीड़ित परिवारों के साथ निजी तौर पर साझा किया जाना चाहिए।
विमान हादसे में 24 साल का अपना बेटा खोने वाले निलेश पुरोहित का घर अब सूना हो चुका है। उन्होंने कहा, ''मेरा घर अब सूना लगता है। कोई भी मुआवजा इस खालीपन को नहीं भर सकता है। हमें पैसा नहीं चाहिए, हम बस यह जानना चाहते हैं कि आखिर हुआ क्या था।''
