देश

कोयला घोटाला में ED का एक्शन, पश्चिम बंगाल में 12 जगहों पर छापेमारी, माफिया सरगना की तलाश

कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम पांडवेश्वर, आसनसोल और दुर्गापुर समेत 12 स्थानों पर तलाशी ले रही है।

Image

प. बंगाल में ED की छापेमारी

Photo : IANS

ED Raid in West Bengal: कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम पांडवेश्वर, आसनसोल और दुर्गापुर समेत 12 स्थानों पर तलाशी ले रही है। ईडी पांडवेश्वर में कोयला माफिया सरगना मैजुल की तलाश कर रही है। ईडी के अधिकारी उसके घर के सामने मौजूद हैं। साथ ही ईडी दुर्गापुर में एक रेत माफिया सदस्य के घर पर भी छापेमारी कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध कोयला खनन और परिवहन के मामले में धन शोधन की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल सहित लगभग दस परिसरों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच के दायरे में लाया गया है।

यह जांच ED द्वारा जांच किए जा रहे एक अन्य कथित कोयला घोटाले के मामले से अलग है, जिसमें पिछले महीने कोलकाता स्थित राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पीएसी के परिसर पर छापा मारा गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस नवीनतम कार्रवाई के तहत किरण खान, शेख अख्तर, प्रबीर दत्ता, मिर्जा एच बेग सहित कुछ लोगों के घरों पर छापेमारी की जा रही है।

अधिकारी दुर्गापुर में एक रेत माफिया के घर पहुंचे हैं। आरोप है कि वह लंबे समय से इस धंधे में शामिल है। वह पहले पानागढ़ में रहता था और बाद में दो साल पहले दुर्गापुर में एक आलीशान घर बनवाया। यह भी बताया जा रहा है कि वह हाल ही में दुबई गया था। तीन सदस्यीय टीम और केंद्रीय बलों ने सुबह-सुबह तलाशी अभियान चलाया। शुरू में उन्हें परिसर में घुसने नहीं दिया गया। बाद में केंद्रीय बलों की मदद से ईडी के अधिकारियों को जबरन घर में घुसना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी उसके भाई के घर भी पहुंचे हैं।

ईडी की टीम रेत खनन मामले में उसके संबंधों और उसके नेटवर्क के विस्तार का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामदगी को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले, 8 जनवरी को ईडी ने कोयला तस्करी मामले के सिलसिले में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के प्रमुख प्रतीक जैन के घर और ऑफिस पर तलाशी ली थी। सूत्रों ने बताया कि वहां से मिले सुरागों के बाद ईडी अब दुर्गापुर में छापे मार रही है।

आई-पैक ऑफिस और जैन के परिसर पर छापे के बाद राज्य में बड़ा राजनीतिक हंगामा हुआ था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दोनों परिसरों में पहुंचीं और दस्तावेज और फाइलें हटा दी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी तलाशी के दौरान उनकी पार्टी के चुनाव से संबंधित दस्तावेज हथियाने की कोशिश कर रही थी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article