Kerala Election: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विधानसभा चुनाव की घोषणा करते समय कहा था कि सभी राज्यों, खासकर केरल में चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना किसी लालच के कराए जाएंगे। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने केरल में कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। चुनाव आयोग ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया और राज्य सरकार को निर्देश दिया कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें तुरंत नई जिम्मेदारी दी जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया पर किसी तरह का असर न पड़े।
केरल में चुनाव आयोग ने कई अधिकारियों का तबादला किया (फाइल फोटो- PTI)
आयोग ने जारी किया आदेश, तुरंत लागू करने को कहा
चुनाव आयोग की ओर से 17 मार्च 2026 को जारी आदेश में केरल सरकार को निर्देश दिया गया कि चुनाव से जुड़ी तैयारियों को देखते हुए कुछ अधिकारियों को नई जगह तैनात किया जाए। आयोग ने कहा कि इन आदेशों को तुरंत लागू किया जाए और 18 मार्च सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट भेजी जाए। आयोग ने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव खत्म होने तक किसी भी चुनाव से जुड़े पद पर नहीं लगाया जाएगा।
इन अधिकारियों की नई तैनाती हुई है:
- नारायणन (आईपीएस) को कोझिकोड में जिला पुलिस प्रमुख बनाया गया
- थॉमसन जोस (आईपीएस) को त्रिशूर डीआईजी रेंज में तैनात किया गया
- इनबसेखर (आईएएस) को अलाप्पुझा का जिला कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया
- वंदना एस को थालिपरंबा में राजस्व अधिकारी और इर्रिक्कुर के रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई
- सचिन कृष्णा को कन्नूर में जिला रजिस्ट्रार और धर्मडम के रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में तैनात किया गया।
निष्पक्ष चुनाव के लिए सख्ती, आयोग की नजर तैयारी पर
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर जरूरी बदलाव करना जरूरी होता है ताकि मतदान प्रक्रिया पर किसी तरह का दबाव या पक्षपात न हो। केरल में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल 2026 को होंगे। मतदान एक ही चरण में कराया जाएगा और मतगणना 4 मई 2026 को होगी। आयोग का कहना है कि केरल विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए आगे भी जरूरत पड़ने पर ऐसे फैसले लिए जा सकते हैं।
