Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का हथियार बना रही है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत की जनता ये तीन बहुत ज़रूरी और सीधे सवाल पूछ रही है। प्रधान न्यायाधीश को निर्वाचन आयोग से संबंधित चयन समिति से क्यों हटाया? 2024 चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग को लगभग पूरी कानूनी सुरक्षा क्यों दी? सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में नष्ट करने की इतनी जल्दबाजा क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि जवाब एक ही है कि निर्वाचन आयोग को वोट चोरी करने का औजार बनाया जा रहा है।
राहुल का बीजेपी पर निशाना (PTI)
लोकसभा में सरकार पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी वोट चोरी के कृत्य को अंजाम देकर आइडिया ऑफ इंडिया (भारत की अवधारणा) नष्ट कर रही है। उन्होंने लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान 2023 के निर्वाचन कानून का जिक्र करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस कानून में पूर्वव्यापी प्रभाव से संशोधन किया जाएगा और चुनाव आयुक्तों को कठघरे में लिया जाएगा।
उनका यह भी कहना था कि 2023 के इस कानून को बदलने की जरूरत है क्योंकि यह निर्वाचन आयुक्तों को यह ताकत देता है कि वे जो चाहें करें। उन्होंने कहा था कि इसकी चयन समिति से प्रधान न्यायाधीश को बाहर रखा गया है। ‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा-शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023’ के तहत तीन सदस्यीय चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और एक कैबिनेट मंत्री शामिल होते हैं।
जर्मनी यात्रा पर जाएंगे राहुल गांधी
वहीं, भारतीय प्रवासी कांग्रेस के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी की यात्रा पर रहेंगे, जहां वे भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत करेंगे और जर्मन सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। भारतीय प्रवासी कांग्रेस (आईओसी) यूके के महासचिव विक्रम दुहान ने आईओसी द्वारा जारी एक पोस्ट में कहा कि गांधी की जर्मनी यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका पर संवाद करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी, साथ ही जर्मन सांसदों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ विचारों और अवसरों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी।
आईओसी जर्मनी के अध्यक्ष बलविंदर सिंह ने कहा, संसद सदस्य और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी की यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ भारतीय प्रवासी कांग्रेस के अध्यक्ष श्री सैम पित्रोदा भी होंगे। उन्होंने आगे कहा कि इस यात्रा के दौरान गांधी भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत करेंगे और जर्मन सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
आईओसी ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा, हमें लोकसभा में विपक्ष के नेता और संसद सदस्य राहुल गांधी जी का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है, जो 17 दिसंबर, 2025 को बर्लिन में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे।
