Dheeraj Sahu on Black Money: भ्रष्टाचार और कालाधन पर धीरज साहू (Dheeraj Sahu ) का पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, इसे लेकर अमित मालवीय ने रिएक्शन देते हुए लिखा कि धीरज प्रसाद साहू का सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल का है। गौर हो कि कांग्रेस सांसद धीरज साहू के यहां इनकम टैक्स की रेड (IT Raid) पांचवें दिन भी जारी रही। धीरज साहू के कई ठिकानों से कई सौ करोड़ रुपये मिलने का दावा किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार और कालाधन पर धीरज साहू का पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है
नोटों की मशीनें लगातार साहू के यहां से बरामद नोटों को गिन रही है, लेकिन नोट हैं कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। कहा जा रहा है कि नोटों की बरामदगी साढ़े तीन सौ करोड़ को पार गई है।
इस बीच धीरज प्रसाद साहू का एक पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें वो भ्रष्टाचार और कालाधन पर बखान देते दिख रहे हैं, धीरज प्रसाद साहू का जो ट्वीट वायरल हो रहा है, उसमें वो नोटबंदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते दिख रहे हैं, धीरज प्रसाद साहू के इस ट्वीट को भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने शेयर किया है।
176 नकदी बैग में से 140 बैग की गिनती पूरी
अधिकारी आयकर विभाग द्वारा की गई छापेमारी के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू से जुड़े परिसरों से बरामद नकदी की गिनती जल्द से जल्द पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं। छापेमारी 6 दिसंबर को शुरू हुई और अब तक अधिकारियों ने कुल 176 नकदी बैग में से 140 बैग की गिनती पूरी कर ली है। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक भगत बेहरा ने एएनआई समाचार एजेंसी को बताया कि उन्हें 176 बैग नकदी मिली और उनमें से 140 की गिनती कर ली गई है। तीन बैंकों के 50 अधिकारी गिनती प्रक्रिया में शामिल हैं और 40 मशीनें तैनात की गई हैं।
धीरज साहू का परिवार शराब के कारोबार में!
रविवार को सामने आए कई वीडियोज में अधिकारियों को कांग्रेस सांसद धीरज साहू की संपत्तियों से बरामद नकदी के बंडलों को गिनते हुए दिखाया गया। अधिकांश नकदी ओडिशा में बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों से बरामद की गईं हैं। कथित तौर पर धीरज साहू का परिवार एक प्रमुख शराब निर्माण व्यवसाय में शामिल है और वह ओडिशा में ऐसी कई फैक्ट्रियों का मालिक है। इस बीच भारी मात्रा में कैश बरामद होने के बाद कांग्रेस ने धीरज साहू से दूरी बना ली है।
