'मैं महाराष्ट्र में हूं और यहीं रहूंगा', केंद्रीय राजनीति की अटकलों पर देवेंद्र फडणवीस ने लगाया विराम

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र में हैं और यहीं रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी पूरी प्राथमिकता राज्य की जिम्मेदारियां निभाना है। साथ ही, राज-उद्धव ठाकरे की रैली पर उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा पूरे देश का है और केंद्र सरकार पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून लाने जा रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय राजनीति में जाने की सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वह महाराष्ट्र में हैं और यहीं रहेंगे। उनके इस बयान के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने और शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने की चर्चाओं पर विराम लग गया है। फडणवीस ने कहा, "मैं कल दिल्ली से नागपुर आया, आज नागपुर में हूं और शाम को मुंबई जाऊंगा। मैं महाराष्ट्र में हूं और महाराष्ट्र में ही रहूंगा।"

fadnavis

फडणवीस ने खारिज की दिल्ली जाने की अटकलें, बोले- महाराष्ट्र की जिम्मेदारी ही मेरी प्राथमिकता। PTI

पिछले कुछ दिनों से उनके दिल्ली दौरे के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने बयान से स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल वह महाराष्ट्र की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

End of Feed