Delhi Crime News: माशूका से जबरदस्त झगड़े के बाद आशिक ने उसकी हत्या कर 35 टुकड़े कर दिए। जिसे कभी वह दिलो-जान से चाहता था, उसी की लाश को उसने आरी से काटा। फिर बड़े से फ्रिज में स्टोर कर रखा। किसी को खबर न हो, इसलिए देर रात दो बजे शहर में घूम-घूमकर विभिन्न इलाकों में वह उन टुकड़ों को ठिकाने लगाया करता था। हैरान करने वाला हैवानियत का यह मामला सामने आया तो आम से लेकर खास तक दंग रह गए। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने अचरज जताते हुए कहा कि आखिरकार हमारे समाज में कैसे-कैसे दरिंदे पल रहे हैं!
दरअसल, यह मामला दिल्ली के महरौली का है, जिसका भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। प्रेमी जोड़ा मुंबई में संपर्क में आया था। अंकिता चौहान वहीं 28 बरस के आफताब आमीन पूनावाला से मिली थीं। दोनों का प्यार परवान चढ़ा और वे लिव-इन में रहने लगे। परिवार को जब इस बारे में पता चला तो वे दोनों वहां से भागकर दिल्ली आ गए।
इस बीच, लड़की शादी का दबाव बनाने लगी। बस, इसी को लेकर दोनों में झगड़ो होने लगा और एक दिन आफताब ने उसका गला घोंट दिया। आगे आरी लाया और उससे उसके 35 टुकड़े कर डाले। यही नहीं, प्रेमिका के शव के टुकड़ों को स्टोर करने के लिए उसने 300 लीटर का एक फ्रिज भी खरीदा।
ऐसा बताया गया कि 18 दिन तक उसने लाश के टुकड़े स्टो किए, जिन्हें ठिकाने लगाने के लिए वह देर रात दो बजे निकलता था और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में उन्हें फेंकता और दफनाता था।
डीसीडब्ल्यू चीफ के ट्वीट के मुताबिक, "एक रूह कंपाने वाले मामले में दिल्ली में एक लड़की को उसके बॉयफ्रेंड ने जान से मार दिया और उसके 35 टुकड़े कर फ्रिज में रखे! उसके शव के टुकड़ों को शहर के अलग अलग इलाक़ों में फेंका। समाज में कैसे कैसे दरिंदे पल रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार किया है, दरिंदे को कड़ी सजा हो।"
