देश

हथियार ले कर आतंकी बनने पाकिस्तान जा रहे थे खालिद और अब्दुल्ला, लाल किला के पास दिल्ली पुलिस ने दबोचा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 25, 2023, 08:09 PM IST

दिल्ली से दो मुस्लिम कट्टरपंथी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। इनके बारे में दावा है कि ये पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के आका से संपर्क में थे, और आतंकी ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहे थे।

Image

दिल्ली में आतंकी गिरफ्तार

दिल्ली में दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो आतंकी बनने के लिए पाकिस्तान जाने की फिराक में थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन दोनों युवकों को लाल किला के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार भी बरामद हुआ है।

बड़ी साजिश बेनकाब

दिल्ली पुलिस ने इन दोनों लोगों को गिरफ्तार किया है जो पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में थे। इस गिरफ्तारी के बाद से पाकिस्तान के मंसबों पर एक बार फिर से पानी फिर गया है और दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों की साजिश को भी बेनकाब कर दिया है।

कहां के हैं ये युवक

गिरफ्तार युवकों मे से एक की पहचान खालिद मुबारक खान के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र का रहने वाला है। वहीं दूसरे आतंकी का नाम अब्दुल्ला है और वो तमिलनाडु का रहने वाला है।

पाकिस्तान से संपर्क

दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित एक आका से निर्देश प्राप्त कर रहे थे और अवैध रूप से सीमा पार कर हथियार प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान जाने की योजना बना रहे थे। इनके कब्जे से दो पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक चाकू और एक तार कटर बरामद किया गया है।

मिली थी सूचना

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस इनपुट पर काम कर रही थी कि सोशल मीडिया पर पाकिस्तान स्थित आकाओं द्वारा कुछ लोगों को कट्टरपंथी बनाया जा रहा है। इन्हें भारत में आतंकी हमलों को अंजाम देने से पहले पाकिस्तान में हथियारों का प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। 14 फरवरी को सूचना मिली थी कि आतंकी मॉड्यूल से संबंध रखने वाले कुछ कट्टरपंथी कुछ गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए मुंबई के रास्ते दिल्ली आएंगे और अपने पाकिस्तान स्थित हैंडलर की मदद से आतंकवादी प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान जाएंगे। इसी के बाद स्पेशल सेल इनकी ताक में बैठी थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article