तमिलनाडु में सरकार गठन में देरी, Thalapathy Vijay के समर्थक ने की आत्मदाह की कोशिश, मची सनसनी

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी सियासी गतिरोध ने राज्य का राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। बहुमत से दूर रहने के कारण टीवीके अब तक सरकार नहीं बना सकी है, जबकि समर्थकों में बढ़ती बेचैनी चिंता का कारण बन रही है। इसी बीच विजय के एक समर्थक ने खुदको आग लगाने की कोशिश की।

Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में अब तक नई सरकार के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर सामने आई है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से करीब 10 सीट दूर होने के कारण सत्ता तक पहुंचने में उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य दलों की ओर से अभी तक खुलकर समर्थन न मिलने से सरकार बनाने की प्रक्रिया अटकी हुई है। इसी वजह से शनिवार को संभावित थलपति विजय (Thalapathy Vijay) के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया। वहीं, राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता के बीच विजय समर्थकों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। शनिवार को एक समर्थक द्वारा आत्मदाह की कोशिश किए जाने की खबर सामने आई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Thalapathy Vijay (File Photo)

थलपति विजय (फाइल फोटो)

फैन में निराशा का भाव

दरअसल, तमिलनाडु में सरकार गठन में जारी देरी के बीच टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) के एक समर्थक ने कथित तौर पर आत्मदाह करने की कोशिश की। करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ में हो रही देरी से वह काफी निराश और भावुक थे। जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी इसक्कियप्पन ने विजय के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताते हुए चार महीने पहले अपने चेहरे के आर-पार 16 फीट लंबा ‘वेल’ (भाला) डलवाया था।

End of Feed