देश

क्या हंगामे के बाद दतिया विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बदल सकती है BJP? कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के विरोध के बीच काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साफ किया है कि भाजपा में उम्मीदवार घोषित होने के बाद टिकट बदलने की कोई परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता अंततः उसका सम्मान करेंगे। टिकट घोषित होने के बाद नाराज समर्थकों ने करीब 12 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्काजाम किया, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।

Image

विधानसभा उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने हंगामा किया। ANI

Photo : ANI

मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के बवाल के बीच राज्य के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को कहा कि टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की पार्टी में कोई परंपरा नहीं रही है। विजयवर्गीय ने यहां संवाददाताओं से कहा,"भाजपा में लोकतंत्र है। पार्टी कार्यकर्ता अपनी अभिव्यक्ति करते हैं, लेकिन वे इतने अनुशासित हैं कि एक बार उनसे बैठकर बात कर ली जाएगी, तो सब मान जाएंगे और तिवारी भारी मतों से जीतेंगे। मैं अभी से इसकी भविष्यवाणी करता हूं।"

क्या भाजपा बदल सकती है अपना उम्मीदवार?

उन्होंने कहा कि वैसे उनकी मिश्रा से अभी बात नहीं हो सकी है, लेकिन वह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं तथा पार्टी के निर्णय का सम्मान करेंगे। काबीना मंत्री ने कहा,"बहुत लोग चुनाव लड़ने की तैयारी करते हैं, लेकिन सभी को टिकट नहीं मिल सकता। पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और उसका सब कार्यकर्ता पालन करेंगे।" विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा का उम्मीदवार बदले जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा,"देखिए, एक बार उम्मीदवार घोषित होने के बाद भाजपा में कभी परंपरा नहीं रही है कि टिकट बदला जाए। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस प्रकार टिकट बदलेगा।"

भाजपा ने शुक्रवार को तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था जिसके बाद मिश्रा के समर्थकों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने करीब 12 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।

दतिया के कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में तीन साल के कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव आवश्यक हो गया। निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और मतगणना तीन अगस्त को होगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमार author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article