LIVE

Cyclone Biparjoy Tracker Route, Map: चक्रवात से निपटने के लिए सेना तैयार, मीडियाकर्मियों को सावधानी बरतने का निर्देश

Cyclone Biparjoy Tracker Route, Map: चक्रवात से निपटने के लिए सेना तैयार, मीडियाकर्मियों को सावधानी बरतने का निर्देश

Cyclone Biparjoy Tracker Route, Map: चक्रवात से निपटने के लिए सेना तैयार, मीडियाकर्मियों को सावधानी बरतने का निर्देश

Cyclone Biparjoy Tracker, Route, Map, Location, Landfall Time, Tracking, Places Updates: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज गुजरात तट से टकराएगा। गत छह जून को अरब सागर से उठने वाला बिपरजॉय अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि तट से टकराते समय इस चक्रवात की रफ्तार 135 से 150 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की हो सकती है। इस दौरान कच्छ एवं सौराष्ट्र में भारी बारिश होने का अनुमान है। चक्रवात के विकराल एवं प्रचंड रूप की आशंका को देखते हुए सरकार की एजेंसियां पूरी तरह से सक्रिय हैं। तटवर्ती एवं निचले इलाकों से करीब 75 हजार लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है।
Cyclone Biparjoy Tracker, Live Status: Watch Here

चक्रवात से होने वाले नुकसान को टालने के लिए सरकार की तरफ से बड़े कदम उठाए गए हैं। एनडीआरएफ की 19 और एसडीआरएफ की 12 टीमें तैनात हैं। कोस्टगार्ड के सभी स्टेशन अलर्ट मोड पर हैं।

JUN 15, 2023 13:45 IST

मीडियाकर्मियों को सावधानी बरतने का निर्देश

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को सभी मीडिया संस्थानों को निर्देश दिया कि वे अपने कर्मचारियों को चक्रवात बिपारजॉय के कवरेज के लिए भेजते समय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के वास्ते ‘अत्यधिक सावधानी’ बरतें। चक्रवात बिपारजॉय बृहस्पतिवार सुबह गुजरात तट से 200 किलोमीटर से भी कम दूरी पर था। मौसम विभाग ने चक्रवात के बृहस्पतिवार शाम तक गुजरात तट से टकराने और क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों से 74,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया है।
JUN 15, 2023 12:17 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: पाकिस्तान में सुरक्षित जगहों पर भेजे गए लोग

सिंध के सूचना मंत्री शरजील मेमन ने संवाददाताओं को बताया कि सिंध के तटीय क्षेत्रों के निकटवर्ती इलाकों से लगभग 62,000 लोगों को हटा कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मेमन ने कहा, ‘अब तक थट्टा, केटी बंदर, सुजावल, बादिन, उमेरकोट, थारपारकर, शहीद बेनजीराबाद, टंडो मुहम्मद खान, टंडो अल्लायार और संघार में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।’
JUN 15, 2023 10:44 IST

गुजरात तट से 200 किलोमीटर दूर चक्रवात

चक्रवात बिपरजॉय गुजरात तट से 200 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के बृहस्पतिवार शाम तक गुजरात तट से टकराने और क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों से 74,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। प्रशासन ने कच्छ जिले में समुद्र तट से शून्य से 10 किलोमीटर के बीच स्थित लगभग 120 गांवों के लोगों को सुरक्षित जगहों पर स्थानांतरित किया है।
JUN 15, 2023 09:32 IST

द्वारका में 90 मीटर ऊंचे टॉवर को गिराया

चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के बृहस्पतिवार को कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों से टकराने के पूर्वानुमान के बीच आकाशवाणी ने बुधवार को कहा कि उसने गुजरात के द्वारका में रस्सी से बंधे 90 मीटर ऊंचे अपने ‘ट्रांसमिशन टॉवर’ को तोड़ दिया है। इस संबंध में एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "यह किसी भी दुर्घटना को रोकने और आसपास के क्षेत्रों में जीवन एवं संपत्ति के नुकसान को कम करने के लिए किया गया है।"
JUN 15, 2023 08:48 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: सेना का यह है मेगाप्लान

भारतीय वायु सेना ने वड़ोदरा में एक AN-32 विमान, अहमदाबाद में चेतक हेलीकॉप्टर (आवश्यकता के अनुसार), दिल्ली में एक C-130J परिवहन विमान तैयार रखा है। इसके अलावा जामनगर, भुज और नलिया में गरुड़ कमांडो को भी तैयार रखा गया है।भारतीय नौसेना ने बचाव और राहत के लिए ओखा, पोरबंदर और वलसुरा, जामनगर में गोताखोरों और अच्छे तैराकों की 10 से 15 टीमों (प्रत्येक में 5 लोग शामिल हैं) को तैनात किया है। जरूरत के हिसाब से और टीमें तैनात की जाएंगी।ओखा और पोरबंदर में 10-12 लोगों को ले जाने की क्षमता वाली चार जेमिनी श्रेणी की फुलाए हुए नौकाएं भी तैयार रखी गई हैं। प्रभावित लोगों को भोजन और राहत सामग्री प्रदान करने के लिए ओखा, पोरबंदर और वलसुरा में सामुदायिक रसोई और भारतीय नौसेना की चिकित्सा टीमों की स्थापना की गई है।गुजरात के सभी 8 तट रक्षक स्टेशनों को खोज और बचाव भूमिका में 15 जहाजों और 7 विमानों के साथ उच्चतम स्थिति में रखा गया है। इसके अलावा, 29 जेमिनी बोट, 50 ओबीएम, लगभग 1000 लाइफजैकेट और 200 लाइफबॉय के साथ 23 आपदा राहत दल तैनात किए गए हैं। उनकी समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया टीम भी किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।तटीय क्षेत्रों में लोगों संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय तटरक्षक इकाइयां स्थानीय आबादी, हितधारकों, नाविकों, तेल प्रबंधन एजेंसियों के साथ लगातार बातचीत कर रही हैं। मौसम और चक्रवात की सलाह लगातार दी जा रही है।
JUN 15, 2023 07:57 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: चक्रवात से निपटने की तैयारी भी पूरी

सरकार के अनुसार, एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 15, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की 12, राज्य सड़क एवं भवन विभाग की 115 और राज्य बिजली विभाग की 397 टीम विभिन्न तटीय जिलों में तैनात की गई हैं। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को तीनों सेना प्रमुखों से बात की और चक्रवात 'बिपारजॉय' के प्रभाव से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा की। तैयारियों की समीक्षा करने के बाद सिंह ने कहा कि सशस्त्र बल चक्रवात के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने में हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं
JUN 15, 2023 07:29 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: शाह का ओडिशा दौरा स्थगित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 17 जून को ओडिशा का निर्धारित दौरा चक्रवात बिपारजॉय के बृहस्पतिवार को गुजरात में संभावित रूप से दस्तक देने के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने यहां दी।भाजपा के नेता ने कहा कि चूंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शाह दोनों सीधे तौर पर चक्रवात की निगरानी कर रहे हैं, जिसके बृहस्पतिवार को गुजरात में जखौ बंदरगाह के पास टकराने की आशंका है, इसलिए केंद्रीय गृह मंत्री के लिए शनिवार को ओडिशा का दौरा करना संभव नहीं होगा।
JUN 15, 2023 06:57 IST

द्वारकाधीश, सोमनाथ मंदिर रहेंगे बंद

गुजरात के दो सबसे प्रसिद्ध मंदिर - देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर और गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर- बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। एसईओसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बुधवार शाम छह बजे तक 12 घंटे में, सौराष्ट्र क्षेत्रों के जिलों के 65 तालुकों में बारिश हुई। एसईओसी के अनुसार, बुधवार सुबह समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में सौराष्ट्र और कच्छ जिले के 54 तालुक में 10 मिलीमीटर से ज्यादा पानी बरसा। इस अवधि के दौरान देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया तालुका में सबसे अधिक 121 मिमी बारिश हुई, इसके बाद द्वारका (92 मिमी) और कल्याणपुर (70 मिमी) में बारिश हुई।
JUN 15, 2023 06:39 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: कच्छ जिले में 34,300 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया

गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आठ तटीय जिलों में कुल 74,345 लोगों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, अकेले कच्छ जिले में लगभग 34,300 लोगों को, जबकि जामनगर में 10,000, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,089, देवभूमि द्वारका में 5,035, जूनागढ़ में 4,604, पोरबंदर जिले में 3,469 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
JUN 15, 2023 06:28 IST

पश्चिम रेलवे ने और सात रेलगाड़ियां रद्द कीं

पश्चिम रेलवे ने चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के बृहस्पतिवार की शाम गुजरात में टकराने के अनुमान की पृष्ठभूमि में एहतियात के तौर पर कुछ और रेलगाड़ियों की सेवा गंतव्य से पहले समाप्त करने का फैसला लिया है। पश्चिम रेलवे ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि चक्रवात के गुजरात तट पर पहुंचने के अनुमान के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और सात ट्रेन को रद्द किया गया है, तीन ट्रेन को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा, जबकि चार अन्य ट्रेन को उनके तय स्टेशन से इतर स्टेशन से चलाया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि चक्रवात के कारण 76 ट्रेन रद्द की गई हैं, 36 ट्रेन को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा, जबकि 31 ट्रेन को उनके तय स्टेशन के बजाय दूसरे स्टेशन से चलाया जाएगा।
JUN 15, 2023 06:24 IST

Cyclone Biparjoy LIVE Tracking: गुजरात तट से आज टकराएगा चक्रवात बिपरजॉय

चक्रवात बिपरजॉय आज गुजरात के तट से कटराएगा। गुजरात के जखाऊ पोर्ट से टकराते समय इसकी रफ्तार 135 से 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो सकती है। चक्रवात से होने वाले नुकसान को टालने के लिए सरकार की तरफ से बड़े कदम उठाए गए हैं। तटवर्ती इलाकों से 75 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ की 19 और एसडीआरएफ की 12 टीमें तैनात हैं। कोस्टगार्ड के सभी स्टेशन अलर्ट मोड पर हैं।
JUN 14, 2023 23:29 IST

कराची से 330 किमी दूरी पर चक्रवात बिपरजॉय

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात बिपारजॉय कराची से 330 किमी दक्षिण पर पहुंच चुका है और यह निकटवर्ती तटों को पार करने के लिए तैयार है। इस बीच, सुई सदर्न गैस कंपनी (SSGC) लिमिटेड ने पाकिस्तान सरकार के निर्देशों के बाद सभी उद्योगों को गैस की आपूर्ति बंद कर दी, जिसमें बिजली उत्पादन, उर्वरक उद्योग और CNG स्टेशन शामिल हैं। पाकिस्तान स्थित जियो न्यूज ने बताया कि एसएसजीसी ने एक बयान में कहा कि चक्रवात बिपरजॉय के संभावित प्रभाव के साथ-साथ प्राकृतिक गैस और री-गैसीफाइड तरलीकृत प्राकृतिक गैस (आरएलएनजी) की कमी के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
JUN 14, 2023 21:57 IST

द्वारका के तटीय क्षेत्रों से 5535 लोग स्थानांतरित

गुजरात के गृहमंत्री ने बताया, द्वारका के तटीय क्षेत्रों से 5535 लोगों को स्थानांतरित किया गया है। शेल्टर होम्स में चिकित्सा व भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। तूफान के बाद नुकसान को रिस्टोर करने की भी व्यवस्था की गई है। बिजली के खंभों को वापस खड़े करने के लिए अलग-अलग इकाईयों की टीम बनाई गई है। सबसे पहले अस्पताल, पानी, सरकारी आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद गांवों और खेतों में नुकसान का आंकलन होगा। उन्होंने बताया, तेज हवाओं के कारण बाइल टावर को नुकसान होता है। संचार व्यवस्था के लिए 250 से ज्यादा पुलिस के यंत्र हैं, उसका उपयोग करके सभी 108 और आवश्यक सेवाओं की गाड़ियों में वायरलेस सेट लगाए गए हैं, जिससे संचार बना रहे।
JUN 14, 2023 20:31 IST

सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं रहेगा बिपरजॉय

चक्रवाती तूफान सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग कहना है कि चक्रवाती तूफान कई राज्यों में अपना असर दिखाएगा। राजस्थान में भारी बारिश तो मध्य प्रदेश में वज्रपात की संभावना है। इसके अलावा गोवा के तटों पर भी लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
JUN 14, 2023 19:47 IST

24 घंटे से भी कम समय में टकराएगा चक्रवात

चक्रवात बिपरजॉय के गुजरात तट से टकराने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है। जैसे-जैसे बिपरजॉय नजदीक आ रहा है, समुद्र में लहरें भी प्रचंड होती जा रही हैं। सुबह से समय की तुलना में लहरें अब और ऊपर उठने लगी हैं और हवाओं की गति भी बढ़ गई है।
JUN 14, 2023 19:44 IST

सेना और एनडीआरएफ ने की खास तैयारी

चक्रवात बिपरजॉय से लोगों को बचाने के लिए सशस्त्र बलों ने खास तैयारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जून चक्रवात गुजरात तट पर टकराएगा, इसके बाद भारी बारिश की संभावना है। दूसरी तरफ, एनडीआरफ, बीएसएफ और सेना के जवान तटीय इलाकों से लोगों को लगातार निकाल रहे हैं।
JUN 14, 2023 18:37 IST

गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय को लेकर गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। तटीय क्षेत्रों को पूरी तरह से खाली कर लिया गया है। इस समय हवाओंं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटा है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें कच्छ, मोरबी, द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, राजकोट, जूनागढ़, सूरत शामिल हैं।
JUN 14, 2023 17:44 IST

पाकिस्तान के लिए अगले 72 घंटे अहम

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय कल गुजरात के अलावा पाकिस्तान के कराची तट से टकरा सकता है। इस दौरान इसके सिंध के तटीय क्षेत्रों से भी टकराने की आशंका है। पाकिस्तान के मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान बेहद गंभीर हो सकता है और सिंध प्रांत में यह सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में प्रांत में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और तटीय क्षेत्रों से करीब एक लाख लोगों को निकालने के लिए सेना तैनात की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 140 से 150 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है, जो बढ़कर 170 किलोमीटर तक हो सकती है। इस दौरान 30 फीट ऊंची लहरोंकी संभावना है।
JUN 14, 2023 16:43 IST

द्वारिकाधीश मंदिर कल तक के लिए बंद

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के चलते द्वारिकाधीश मंदिर को कल तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा द्वारका धाम के ध्वज को भी पांच दिन तक नहीं बदला जाएगा। ऐसा पहली बार है, जब मंदिर के ध्वज को नहीं बदला जा रहा है। बुधवार को तेज हवा के चलते मंदिर का ध्वज फट गया, जिसके बाद एडवाइजरी जारी की गई है।
JUN 14, 2023 17:44 IST

तीनों सेनाएं तैयार- राजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चक्रवात बिपरजॉय के मद्देनजर तीनों सेना प्रमुखों से बात की और लैंडफॉल के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा की। चक्रवात के कारण किसी भी स्थिति या आकस्मिकता से निपटने के लिए सशस्त्र बल नागरिकों की हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं।