CP Radhakrishnan: देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार यानी आज शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राधाकृष्णन को राष्ट्रपति भवन में सुबह 10 बजे आयोजित एक समारोह में शपथ दिलाएंगी। राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराकर जीत हासिल की।
सीपी राधाकृष्णन आज उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। (फोटो सोर्स: पीटीआई)
महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से दिया इस्तीफा
मीडिया रिपोट्स की मानें तो शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल हो सकते हैं। बता दें कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह चुनाव कराया गया। धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वाथ्य संबंधी वजहों से इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
वहीं, गुरुवार को राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की घोषणा की।
