देश

Haryana News: पूर्व कैबिनेट मंत्री संपत सिंह इनेलो में हुए शामिल, कहा- कांग्रेस में मेरे 16 साल खराब हुए

संपत सिंह ने कहा कि वे अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा का धन्यवाद करते हैं। जो मंच मुझे चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने दिया, आज फिर से मुझे काम करने के लिए वही मंच दिया। मुझे दुख है कि मैंने इनेलो को छोड़ा और 16 साल कांग्रेस में रहा।

Image

Haryana News: पूर्व कैबिनेट मंत्री संपत सिंह इनेलो में हुए शामिल, कहा- कांग्रेस में मेरे 16 साल खराब हुए

Sampat Singh Joins INLD: हरियाणा में कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व वित्त और गृहमंत्री संपत सिंह ने अपनी पार्टी को अलविदा कह दिया है और इंडियन नेशनल लोकदल का दामन थाम लिया है। संपत सिंह इससे पहले भी इनेलो में रहे हैं और पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के साथ भी काम कर चुके हैं, लेकिन 16 साल पहले इनेलो को छोड़कर वो कांग्रेस में चले गए थे लेकिन अब एक बार फिर से संपत सिंह ने घर वापसी की है।

संपत सिंह ने किया नेताओं का धन्यवाद

संपत सिंह ने कहा कि वे अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा का धन्यवाद करते हैं। जो मंच मुझे चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने दिया, आज फिर से मुझे काम करने के लिए वही मंच दिया। मुझे दुख है कि मैंने इनेलो को छोड़ा और 16 साल कांग्रेस में रहा। मेरे 16 साल खराब हुए। भूपेंद्र हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस में कई लोगों ने मुझे घर बैठाने की कोशिश की। मुझे कहीं कोई जगह नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता साल 2016 के राज्यसभा चुनाव के स्याही कांड के बारे में बोलते नहीं हैं जब इन्होंने पेन बदल कर वोट चोरी किया था।

अकेले उचाना में भूपेंद्र हुड्डा के आशीर्वाद प्राप्त आजाद उम्मीदवारों के रूप में 60 हजार वोट चोरी हुई है। उन लोगों को किसने खड़ा किया।? जब आपको सीएम बनाया आपने श्रीकृष्ण हुड्डा का इस्तीफा लिया। लोकसभा के टिकट पर श्रीकृष्ण हुड्डा का हक बनता था, लेकिन अपने बेटे को चुनाव लड़ा दिया। विधानसभा चुनावों में जीतने वाले लोगों का टिकट काट दिया और जिनके पास धन बल था उनको टिकट दे दिया। कांग्रेसी नेता सिर्फ दिखावे के लिए ही एससी-बीसी की बात करते हैं। जब कुमारी सैलजा के खिलाफ टिप्पणी की गई तब इन्होंने कार्रवाई करने की जगह उसे वायरल किया।

इनेलो के लिए यह बड़ा दिन- अभय चौटाला

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौधरी संपत सिंह ने इनेलो में शामिल होने का जो फैसला आज लिया है। यह इनेलो के लिए यह बड़ा दिन है। इन्होंने चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है। हम इनका आभार व्यक्त करते हैं। इनको संगठन का बहुत अनुभव है। इसलिए हम चौधरी संपत सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बना रहे हैं। अभय चौटाला ने यह भी खुलासा किया कि चौधरी संपत सिंह और रामपाल माजरा को इनेलो पार्टी छोड़ने के लिए अजय चौटाला ने मजबूर किया था।

अभय चौटाला ने पूछा- वोट चोरी करना किसने सिखाया?

उन्होंने राहुल गांधी की प्रेस वार्ता को लेकर कहा कि वोट चोरी करना किसने सिखाया? पहले ये काम कांग्रेस करती थी। अब भाजपा इस काम को आगे बढ़ा रही है। जब कांग्रेस हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में आई तो राहुल गांधी ने इनका उदाहरण क्यों नहीं दिया? वहां भी तो वोट चोरी हो सकती थी। वोट चोरी पर अभय चौटाला ने कहा कि हमने देखा है कि यूपी और बिहार में वोट कैसे डलते थे। एक आदमी मशीन पर खड़ा होकर ठप्पे लगा कर सारे वोट डलवाता था। तब कांग्रेस की सरकार थी। तब इनको वोट चोरी दिखाई नहीं दी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article