Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी एक बार फिर से विदेश यात्रा पर जाने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव खत्म होते ही राहुल गांधी 9 दिसंबर को विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वह इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया और वियतनाम की यात्रा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सिंगापुर और मलेशिया में राहुल गांधी प्रवासी भारतीयों से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी
बता दें, देश में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। चार राज्यों- राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मिजोरम में मतदान हो चुका है। जबकि तेलंगान में 30 नवंबर को मतदान होगा। इसके बाद 3 दिसंबर को सभी राज्यों के नतीजे जारी होंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई सरकार के गठन के बाद राहुल गांधी विदेश यात्रा के लिए रवाना हो सकते हैं।
राजनयिकों से करेंगे मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी इंडोनेशिया में राजनयिकों के साथ मुलाकात कर सकते हैं, जबकि वियतनाम में वह कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से मिल सकते हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता प्रवासी भारतीयों के साथ मुलाकात करेंगे, इस दौरान दोनों के बीच चर्चा भी होने की संभावना है। बता दें, राहुल गांधी इस समय तेलंगाना के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। यहां 30 नवंबर को मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस
दूसरी तरफ, राहुल गांधी मुसीबत में भी घिरते नजर आ रहे हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। यह नोटिस राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी के लिए कथित तौर पर पनौती और जेबकरते जैसे शब्दों के प्रयोग पर भेजा गया है। वहीं सुल्तानपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को तलब किया है। अदालत ने पांच साल पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषण मामले में राहुल गांधी को तलब किया है। उन्हें 16 दिसंबर को अदालत ने तलब किया है।
