Imran Masood on Sonam Wangchuk: नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 26 दिनों से जारी सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त होते ही इस पर तीखी सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक और सरकार के बीच हुई गुप्त वार्ताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
इमरान मसूद ने सोनम वांगचुक को 'अन्ना हजारे पार्ट टू' करार देते हुए आरोप लगाया कि छात्रों को दरकिनार कर सरकार के साथ केवल अपनी निजी 'सेटिंग' की गई है। इमरान मसूद ने अन्ना आंदोलन की याद दिलाते हुए सोनम वांगचुक के अनशन वापस लेने की मंशा पर कड़ा हमला बोला।
कांग्रेस सांसद ने कहा, 'सोनम वांगचुक अन्ना हजारे पार्ट टू हैं। पिछले 12 सालों से अन्ना हजारे देश के ज्वलंत मुद्दों पर पूरी तरह मौन हैं, और अब ठीक उसी तरह सोनम वांगचुक भी सरकार से समझौता करके चुप बैठ जाएंगे।' मसूद ने सरकार और वांगचुक के बीच हुई बातचीत की पारदर्शिता पर निशाना साधते हुए कहा, 'कल जब आप सरकार के साथ डील (समझौता) कर रहे थे, तो क्या उस वक्त वहां कोई एक भी छात्र मौजूद था? बिना छात्रों के कैसी बातचीत? केवल लद्दाख के लोग थे वहां और आपने अपनी डील करी है।'
भाजपा बोली- किसी कारण से वे भूख हड़ताल पर थे
क्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल खत्म करने पर BJP सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा, 'मैं इसका स्वागत करता हूं। सोनम देश की भलाई में रुचि रखने वाले व्यक्ति हैं और किसी वजह से वे भूख हड़ताल पर बैठे थे। उन्होंने देखा है कि हमारी सरकार ने इस मुद्दे पर कितनी तेजी से कदम उठाए हैं, चाहे वह सेक्रेटरी का ट्रांसफर हो, फास्ट-ट्रैक कोर्ट का फैसला हो या दूसरी चीजें। तेरह लोग हिरासत में हैं और हम भविष्य में NEET को डिजिटाइज करने पर भी चर्चा कर रहे हैं। हमने हर तरह से इस पर काम करना शुरू कर दिया है। NTA एक बहुत महत्वपूर्ण सिस्टम है। इसे मजबूत करने पर सदन में चर्चा होनी चाहिए... जब तक चर्चा नहीं होगी, कोई नतीजा नहीं निकलेगा। सोनम को उम्मीद है कि सड़कों पर हो रहे विरोध के बावजूद, हम सदन में आएंगे और देश के इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे...'
संसद में आकर बोलें पीएम
पेपर लीक पर पीएम मोदी के वीडियो मैसेज पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'अगर उन्हें कुछ कहना है, तो उन्हें संसद में कहना चाहिए। तभी हम उनकी बात को सही मानेंगे। उन्हें यहां आकर बयान देना चाहिए। आधी रात को 12 बजे ऐसा करने के बजाय, अगर वह यहां आकर बोलें, तो हम इसके गवाह बनेंगे।'
'कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी निभा रही'
पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा कहती हैं, 'सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी होने के नाते कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' के जरिए यह मुद्दा उठाया था। सरकार क्या करती है, यह अलग बात है। सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ देश में एक माहौल बन रहा है।'
अखिलेश यादव क्या बोले?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'जब बीमारी ROOT में है तो FRUIT के इलाज से कोई नहीं माननेवाला। देश में हर समस्या की एक ही जड़ है, जो गई अड़ है : नाम तो सुना होगा 'BJP', NO FAST TRACK; BJP GO BACK!' बता दें कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार रात 26 दिनों से जारी अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा एवं जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में अपना यह अनशन तोड़ा।
