CM Yogi on Pakistan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराणा प्रताप की जयन्ती पर एक कार्यक्रम में शामिल हुए। लखनऊ में उन्होंने महाराणा प्रताप की वीरता और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। सीएम योगी ने कहा कि, 'भारत की हालिया जवाबी कार्रवाई में मारे गए आतंकवादियों के प्रति पाकिस्तान का खुला समर्थन यह साबित करता है कि वह देश न केवल आतंकवाद का पनाहगाह है, बल्कि अब अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। भारत की कार्रवाई के बाद, जब आतंकवादी मारे गए, तो पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारी और राजनेता उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस बेशर्मी भरे प्रदर्शन से दुनिया की आंखें खुल जानी चाहिए।'
महाराणा प्रताप पर बोले योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित एक कार्यक्रम में कहा कि, 'महाराणा प्रताप ने मात्र 27 वर्ष की उम्र में पहला युद्ध लड़ा था। महाराणा प्रताप ने देश की आन- बान-शान को डिगने नहीं दिया। महाराणा प्रताप ने 1576 में समाज के हर तबके को जोड़कर लड़ाई लड़ी। महाराणा प्रताप ने अकबरको हरा कर भारत की आन- बान-शान की रक्षा की। महाराणा प्रताप को जंगल में घास की रोटी भी खानी पड़ी। महाराणा प्रताप ने भील मीणा को जोड़कर सामाजिक संरचना को मजबूत किया। आज भी संकट के समय भारत वासी महाराणा प्रताप का सभी स्मरण करता है। 1998 में इस चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति का प्रस्ताव मैंने दिया था। मैंने लखनऊ, गोरखपुर प्रयागराज में मूर्ति का प्रस्ताव दिया था। मैंने गोरखपुर में राजनाथ सिंह के कर कमलों से महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया था। ये चौराहा आगे महाराणा प्रताप चौराहे के नाम से ही जाना जाएगा। मैं एक बार फिर महाराणा प्रताप जी को कोटि कोटि नमन करता हूं।
पाकिस्तान की बखिया उधेड़ी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'भारत ने कड़ा जवाब देने का संकल्प लिया है। पाकिस्तान केवल आतंकवाद को संरक्षण नहीं दे रहा, वह सीधे तौर पर इसमें शामिल है। उसकी संलिप्तता अब इतनी स्पष्ट हो गई है कि उसे अपने अस्तित्व के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा।' उन्होंने कहा, 'आप सभी ने देखा होगा कि हमारे पर्यटकों पर कितनी बर्बरता से हमला किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दृढ़ संकल्प लिया और हमारे बहादुर सैनिकों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। सीएम ने लोगों से राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और परीक्षा की इस घड़ी के दौरान सशस्त्र बलों का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, 'प्रत्येक भारतीय को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। यदि कोई शरारती तत्व अशांति फैलाने की कोशिश करता है, तो हमें सतर्क रहना चाहिए और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाले किसी भी कृत्य का पर्दाफाश करना चाहिए।'
अफवाहों से किया आगाह
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फैलाई जा रहीं गलत सूचनाओं के बारे में भी चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'अफवाहें फैलाने की कोशिशें होंगी। लेकिन हमें ऐसे शोर को नजरअंदाज करना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी के साथ चलना चाहिए। भारत जीतेगा-इसमें कोई संदेह नहीं है।' अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि 'महाराणा प्रताप जयन्ती कठिन समय में एकजुट रहने की प्रेरणा देती है। यह अवसर हमें अपने सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने और उनका मनोबल बढ़ाने की याद दिलाता है।'
