Mamata Banerjee Injured: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फिर चोट लगी है। यह चोट उन्हें दुर्गापुर में हेलिकॉप्टर में चढ़ते समय लगी। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया। बंगाल की सीएम को हल्की चोट लगी है। 2022 के विधानसभा चुनाव के समय भी ममता बनर्जी को चोट लगी थी। इसके पहले वह अपने घर में गिर गई थीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
फिर आसनसोल के लिए रवाना हुईं
जानकारी के मुताबिक आसनसोल जाने के लिए दुर्गापुर में हेलिकॉप्टर में सवार हो रही थीं। सीढ़ियों से चढ़कर जब वह हेलिकॉप्टर में बैठने की कोशिश कर रही थीं उसी दौरान पैर लड़खड़ाने से वह अपना संतुलन खो बैठीं और गिर गईं। उनको गिरता देख सुरक्षाकर्मी तत्काल उनके पास पहुंचे। चोटिल होने के बावजूद वह आसनसोल के लिए रवाना हुईं।
कोलकाता के अपने घर में भी गिरी थीं ममता
इससे पहले ममता कोलकाता स्थित अपने आवास में गिर गई थीं। इस घटना में उनके माथे पर गहरी चोट लगी थ। जिसके बाद उन्हें कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल के एक अधिकारी के अनुसार, 69 साल की राजनेता दक्षिण कोलकाता के बालीगंज में एक कार्यक्रम से लौटने के तुरंत बाद घर में फिसल गईं थी और उनका सिर अपने घर के फर्नीचर से टकरा गया था।
ताबड़तोड़ रैलियां कर रहीं ममता
लोकसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी इन दिनों ताबड़तोड़ रैलियां कर रही हैं। पश्चिम बंगाल में इस बार सात चरणों में मतदान हो रहा है। राज्य में दो चरण का चुनाव संपन्न हो गया है। पिछली बार की तरह इस बार में मुख्य मुकाबला भाजपा और टीएमसी के बीच है। भाजपा को उम्मीद है कि इस बार वह पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेगी। पिछले चुनाव में टीएमसी को 22 सीटें और भाजपा को 18 सीटों पर जीत मिली।
