राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास बगरू इलाके में स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम को ग्रामीणों व कथित बीजेपी कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
जयपुर में CJP टीम पर हमले के बाद संस्थापक दिपके की सीधी चेतावनी
घटना के बाद सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार और पुलिस प्रशासन को 48 घंटे की चेतावनी देते हुए दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा, "अगर अगले 48 घंटों के भीतर स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं होता और हमले के जिम्मेदार बीजेपी के गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तो मैं खुद जयपुर आऊंगा। स्कूल तो हम ठीक करवाकर ही रहेंगे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'बीजेपी के गुंडों ने मचाया तांडव', राजस्थान में CJP कार्यकर्ताओं से मारपीट पर भड़के अरविंद केजरीवाल
ग्रामीणों ने सीजेपी के वॉलिंटियर्स को गांव से खदेड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआत में ग्रामीणों ने सीजेपी के वॉलिंटियर्स को गांव से बाहर खदेड़ दिया। इसके बाद जब प्रवक्ता आशुतोष रांका खुद स्थिति का जायजा लेने स्कूल पहुंचे, तो माहौल और हिंसक हो गया। आरोप है कि भीड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की, उन पर रेत उछाली और पथराव करते हुए उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दिपके ने दिल्ली जैसे प्रदर्शन की दी चेतावनी
दिपके ने देश की युवा पीढ़ी (Gen Z) से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि 48 घंटे में न्याय नहीं मिला, तो जैसा प्रदर्शन दिल्ली में हुआ था, वैसा ही बड़ा आंदोलन राजस्थान की धरती पर भी शुरू किया जाएगा। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी बीजेपी सरकार और राजस्थान पुलिस को घेरते हुए हमले की कड़ी निंदा की है।
