सोशल मीडिया पर किसी भी शहर की तस्वीर और पहचान बदलकर पेश करना कितना आसान है, इसका एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हमारे पड़ोसी देश चीन के कुछ व्लॉगर हमारे दूसरे पड़ोसी बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गरीब और पिछड़े इलाकों में वीडियो बना रहे हैं, लेकिन लाइवस्ट्रीम के दौरान इन जगहों को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर पेश कर रहे हैं। यही नहीं, इन वीडियो में भारत के रहन-सहन, साफ-सफाई और लोगों की जीवनशैली को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी की जा रही हैं। बांग्लादेशी अखबार 'प्रथम आलो' की पड़ताल के बाद यह मामला चर्चा में आया है। यह मामला कितना गंभीर है, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हमारे विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है और बांग्लादेश के संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई करने की अपील की है।
ढाका को दिल्ली बताने के पीछे कहीं कोई साजिश तो नहीं?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि किसी दूसरे देश की जमीन का इस्तेमाल भारत की छवि खराब करने के लिए करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलत और भ्रामक कहानियां फैलाने वाले लोगों के साथ-साथ उनके पीछे मौजूद लोगों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन प्रश्न तो यही है कि भारत की छवि खराब करने की कोशिश करने वाले इन व्लॉगरों के पीछे कौन है? क्या यह सब चीन की सरकार की तरफ से प्रायोजित हैं? ऐसा हो भी सकता है, लेकिन फिलहाल इसका कोई सुबूत सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस बात का दावा नहीं किया जा सकता कि चीनी सरकार की तरफ से भारत को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
ढाका के किन इलाकों में बना रहे वीडियो?
प्रथम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी नागरिक ढाका के उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और टेकपारा की गलियों में लंबे समय से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का अनुमान है कि इस गतिविधि में 150 से ज्यादा चीनी नागरिक शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संख्या की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ये लोग दो मोबाइल फोन लेकर सुबह से रात तक लाइवस्ट्रीम करते हैं। एक फोन से वीडियो रिकॉर्ड करके पब्लिश किया जाता है, जबकि दूसरे फोन का इस्तेमाल अन्य गतिविधियों के लिए होता है। कुछ मामलों में तो ये लोग स्थानीय लोगों के घरों के अंदर तक पहुंचकर वीडियो रिकॉर्ड करते हैं। इससे वहां के निवासियों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है।
Live Video में क्या दिखाते हैं व्लॉगर?
प्रथम आलो की पड़ताल में सामने आया कि कुछ चीनी लाइवस्ट्रीमर ढाका के उत्तरा और टेकपारा इलाके को नई दिल्ली बताकर दर्शकों को दिखाते हैं। वीडियो में संकरी गलियां, नहर के किनारे बसे घर, चाय की दुकानें और गरीब परिवारों के रहन-सहन को दिखाया जाता है।
एक महिला लाइवस्ट्रीमर ने उत्तरा के सेक्टर-12 को नई दिल्ली बताते हुए वहां के घरों और साफ-सफाई पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। वहीं, एक अन्य व्लॉगर ने चाय की दुकानों पर मिलने वाली चाय को लेकर भ्रामक और अपमानजनक बातें कहीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ वीडियो में बांग्लादेश के लोगों को भी गलत तरीके से पेश किया गया है। हालांकि, सभी लाइवस्ट्रीमर की टिप्पणियां एक जैसी नहीं थीं। कुछ ने बांग्लादेश के बारे में सकारात्मक बातें भी कीं।
आखिर क्या है चीनी व्लॉगरों का मकसद?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चीनी नागरिक ढाका की गलियों में घंटों वीडियो क्यों बना रहे हैं और उन्हें दिल्ली बताकर क्यों पेश कर रहे हैं?
प्रथम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, एक चीनी नागरिक फांगयू ने बताया कि वे चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WeChat पर प्रोडक्ट प्रमोशन के लिए लाइवस्ट्रीम करते हैं। स्थानीय महिला रितु अख्तर ने भी बताया कि चीनी नागरिक WeChat और Douyin जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट करके कमाई करते हैं। वह खुद इन लोगों के लिए गाइड का काम करती थीं और इसके बदले उन्हें प्रतिदिन 700 से 800 बांग्लादेशी टका मिलते थे।
हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि इन लाइवस्ट्रीम के पीछे सिर्फ व्यावसायिक गतिविधियां हैं या कोई दूसरा उद्देश्य भी है। यह भी साबित नहीं हुआ है कि सभी व्लॉगर किसी एक संगठित अभियान के तहत काम कर रहे हैं।
भारत की बांग्लादेश से अपील
मंगलवार 10 नवंबर को विदेश मंत्रालय की मीडिया ब्रीफिंग में यह मुद्दा उठा। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ढाका में वीडियो बनाकर उन्हें भारत के हिस्सों के रूप में पेश करना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की अपील की।
फिलहाल इस मामले ने सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने की आड़ में गलत जानकारी फैलाने और किसी देश की छवि को नुकसान पहुंचाने के सवाल खड़े किए हैं। साथ ही, बांग्लादेश में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों की निगरानी और स्थानीय लोगों की निजता का मुद्दा भी चर्चा में आ गया है।
