Andhra Pradesh Accident: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब चिंतूरू और भद्राचलम के बीच घाट रोड पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नौ लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हो गए। ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार के अनुसार, घायलों को तुरंत भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और दुर्घटना स्थल पर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
बस हादसे में कई लोगों ने गंवाई जान (चित्र साभार: PTI)
कुल 37 लोग थे सवार
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजु जिले में एक बस सड़क से नीचे गिरकर पलट गई, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल 37 लोग सवार थे, जिनमें ड्राइवर और क्लीनर भी शामिल थे। इनमें से छह लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) अमित बर्दार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे चिन्तूर-मारेडुमल्ली घाट रोड पर दुर्गा मंदिर के पास हुआ। बस छत्तीसगढ़ के चित्तूर से पड़ोसी राज्य तेलंगाना जा रही थी।
CM नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ASR जिले के पास यात्रियों को ले जा रही एक प्राइवेट बस की दुर्घटना ने हमें बहुत झकझोर दिया है। यह दिल दहला देने वाला है कि इस दुर्घटना में कई जानें चली गईं। मैंने दुर्घटना के बारे में अधिकारियों से बात की है और प्रभावित लोगों को दी जा रही मदद की जानकारी ली है। अधिकारियों को घायलों को बेहतर मेडिकल सहायता दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।”
