LIVE

Rajya Sabha Election Results : कमलनाथ ने दिग्विजय का मुंह मीठा कराया

Rajya sabha Election : देश के कुल 8 राज्यों की 19 राज्यसभा सीटों पर आज मतदान जारी है। इन राज्यों में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कुछ बड़े राज्यों की सत्ता पर काबिज कांग्रेस के बीच है। दोनों दलों के कई दिग्गज उम्मीदवार इस चुनावी मैदान में हैं। राजस्थान में कांग्रेस को 2 सीटों और भाजपा को एक सीट पर जीत मिली है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jun 19, 2020, 22:33 IST
Follow on Google News
Rajya Sabha Election Results : कमलनाथ ने दिग्विजय का मुंह मीठा कराया
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: देश के आठ राज्यों से राज्यसभा की 19 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। अधिकतर राज्यों में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस की बीच है। गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबला होने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा ने राज्यसभा की दो सीटों और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

JUN 19, 2020 20:15 IST

कमलनाथ ने दिग्विजय का मुंह मीठा कराया

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट जीतने के बाद कांग्रेस में खुशी का माहौल है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक सीट पर विजयी हुए हैं। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिंह का मुंह मीठा कराया। राज्यसभा की अन्य दो सीटों पर भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी विजयी हुए हैं। 
 

JUN 19, 2020 19:29 IST

आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी ने जीतीं सभी 4 सीटें

आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी ने राज्यसभा की सभी चार सीटें जीत ली हैं। मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
 

JUN 19, 2020 18:52 IST

एमपी में BJP को 2, कांग्रेस को 1 सीट मिली 

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सभा की दो सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है। वहीं राजस्थान में कांग्रेस को दो सीटों पर जीत मिली है और भाजपा को एक सीट से संतोष करना पड़ा है।
 

JUN 19, 2020 18:35 IST

कांग्रेस विधायक वाजिब अली पर केस दर्ज करने की मांग

राजस्थान में भाजपा के विधायक रामलाल शर्मा ने कांग्रेस विधायक वाजिब अली के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखा है। शर्मा का कहना है कि वोटिंग के दौरान अली क्वरंटाइन नियमों का उल्लंघन किया। अली ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद राज्यसभा चुनाव में मतदान करने पीपीई किट पहनकर पहुंचे थे। वहीं, वाजिब अली का कहना है कि भारत पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। विधायक होने के नाते मतदान करना मेरा दायित्व है। मेरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। विपक्ष इसे केवल मुद्दा बना रहा है। 

JUN 19, 2020 15:57 IST

PPE कीट पहनकर डाला वोट

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिये विधानसभा परिसर में शुक्रवार को सभी 206 विधायकों ने मतदान किया। कोरोना वायरस से संक्रमित कांग्रेस के एक विधायक ने भी सबसे अंत में पीपीई कीट पहनकर मतदान किया। मतदान के लिये सभी विधायक कोरोना महामारी से सावधानी के चलते मास्क पहने हुए थे और शारीरिक दूरी बनाकर कतार में खड़े दिखाई दिये। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव के लिये भाजपा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है,

JUN 19, 2020 15:24 IST

अमरावती में डाला चंद्रबाबू नायडू ने वोट

राज्यसभा चुनाव के लिए टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में वोट डाला। आंध्रप्रदेश से राज्यसभा के लिए चार सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को होगा । राज्य विधानसभा में पर्याप्त संख्या रहने के कारण सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के चारों सीटों पर जीत हासिल करने के आसार हैं।

JUN 19, 2020 14:26 IST

राजस्थान: गहलोत ने डाला वोट राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा पहुंचकर डाला वोट। यहां भाजपा और कां

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा पहुंचकर डाला वोट। यहां भाजपा और कांग्रेस विधायक बसों में सवार होकर वोट देने पहुंचे। राजस्थान में कांग्रेस ने के सी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को मैदान में उतारा है जबकि भाजपा ने राजेन्द्र गहलोत और ओंकार सिंह लखावत को उम्मीदवार बनाया है।
JUN 19, 2020 13:50 IST

झारखंड राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत तय- अरुण सिंह

 भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे मतदान में भाजपा उम्मीदवार दीपक प्रकाश की जीत तय है और कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ हॉर्स ट्रेडिंग (खरीद-फरोख्त) के लिए अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है।

JUN 19, 2020 13:01 IST

दो विधायकों ने अपनी मांगों को लेकर मतदान नहीं करने का फैसला किया

गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू होने पहले ही भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो विधायकों ने कहा कि वे तब तक मतदान नहीं करेंगे जब तक कि आदिवासियों, प्रवासियों और दलितों के कल्याण को लेकर उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं दिया जाता है। बीटीपी प्रमुख छोटू वसावा और उनके बेटे महेश वसावा का वोट भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए ही काफी अहम है।

JUN 19, 2020 12:38 IST

मणिपुर के सीएम वोट डालने पहुंचे

मणिपुर के मुख्यमंत्री ए बीरेन सिंह राज्य विधानसभा पहुंच गए हैं जहां वो राज्यसभा चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आपको बता दें कि मणिपुर में चार मंत्रियों सहित नौ सदस्यों के इस्तीफे के बाद भाजपा नेतृत्व वाली सरकार पर संकट मंडरा रहा है। 

JUN 19, 2020 11:51 IST

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर हो रहा है चुनाव

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। यहां चुनावी मैदान में सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के अलावा मुख्य विपक्षी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं कांग्रेस के शहजादा अनवर उम्मीदवार हैं।

JUN 19, 2020 11:25 IST

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए मतदान

राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को हो रहा है। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने अपनी अपनी पार्टियों और उनको सर्मथन दे रहे विधायकों को अलग अलग होटलों में रुकवा रखा था। ये सभी विधायक अलग अलग बसों से विधानसभा पहुंचे और मतदान किया।

JUN 19, 2020 10:37 IST

मेघालय में भी मतदान जारी

शिलांग में राज्य विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट के लिए मतदान जारी है। मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) ने राज्य से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष डब्ल्यू आर खरलुखी का नाम सामने रखा है। वहीं विपक्षी कांग्रेस ने पूर्व विधायक कैनेडी खीरीयम को मैदान में उतारा है।
JUN 19, 2020 10:06 IST

सभी सीटें जीतेंगे- कमलनाथ

'यह बहुत स्पष्ट है कि हम राज्यसभा की सभी तीन सीटें जीतने जा रहे हैं।'

JUN 19, 2020 09:55 IST

एंबुलेंस से विधानसभा पहुंचे विधायक

मातर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक केसरसिंह जेसंगभाई सोलंकी एक एम्बुलेंस में विधान सभा पहुंचे। उन्हें एक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वे सीधे अस्पताल से यहां पहुंचे। राज्य की 3 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। मतदान का परिणाम आज ही घोषित किया जाएगा और इसके काफी रोचक होने के आसार हैं।

JUN 19, 2020 09:29 IST

गुजरात में मतदान जारी

गुजरात में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। गांधीनगर स्थित राज्य विधानसभा से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जहां बड़ी संख्या में विधायक पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। सबसे रोचक मुकाबला गुजरात में ही होने के आसार है।
JUN 19, 2020 09:24 IST

मध्य प्रदेश में वोटिंग शुरू

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने विधानसभा में अपना वोट डाला और इस दौरान उनके साथ कई और विधायक भी शामिल रहे। वहीं कांग्रेस नेता कमलनाथ के घर से पार्टी के विधायकों को लेकर बस रवाना हो गई है। राज्य में तीन सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।

JUN 19, 2020 08:42 IST

पांच सितारा होटल में ठहरे हैं विधायक

गुजरात में आज होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले विपक्षी कांग्रेस ने अपने 20 विधायकों को राजस्थान के रिसॉर्ट से अहमदाबाद के पांच सितारा होटल में पहुंचा दिया। ये सभी विधायक उत्तरी गुजरात क्षेत्र के हैं। इसके अलावा सौराष्ट्र, मध्य गुजरात, दक्षिण गुजरात से पार्टी के अन्य विधायक भी अहमदाबाद पहुंच गए हैं।

JUN 19, 2020 08:16 IST

राज्यसभा चुनाव : मिजोरम में एक सीट के लिए त्रिकोणीय मुकाबला

मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए शुक्रवार को चुनाव होगा और इसमें त्रिकोणीय मुकाबला होना तय है। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने पार्टी नेता के कनललवेना को उम्मीदवार बनाया है जबकि ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने क्रमश: बी लालछनजोवा तथा लल्लिंछुंगा को उम्मीदवार बनाया है

JUN 19, 2020 07:42 IST

राजस्थान में विधायक होटल में

राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने एक दूसरे पर विधायकों को प्रलोभन देने का आरोप लगाते हुए अपने-अपने विधायकों को अलग-अलग होटलों में रखा है। यहां भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा सुमेर सिंह सोलंकी को वहीं कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह और दलित नेता फूल सिंह बरैया को चुनावी मैदान में उतारा है।

JUN 19, 2020 07:41 IST

सभी सीटों के परिणाम आज ही होंगे घोषित

सभी राज्यसभा सीटों के लिए आज ही मतदान होगा तथा आज शाम को ही मतगणना होगी। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर चुनाव आयोग ने मतदान के लिए समुचित प्रबंध किए हैं । प्रत्येक मतदाता (विधायक) के शरीर के तापमान की जांच की जाएगी और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया जाएगा ।

JUN 19, 2020 07:37 IST

इन राज्यों में है चुनाव, रोचक हो सकता है मुकाबला

राज्यसभा की 19 सीटों में आंध्रप्रदेश और गुजरात से चार-चार, मध्यप्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन, झारखंड से दो और मणिपुर, मिजोरम तथा मेघालय से एक-एक सीट पर चुनाव होगा। मणिपुर में सत्तारूढ़ गठबंधन के नौ सदस्यों के इस्तीफे के कारण वहां भी चुनाव रोचक होने की संभावना है। भाजपा ने लीसेम्बा सानाजाओबा को तथा कांग्रेस ने टी मंगी बाबू को उम्मीदवार बनाया है।