MP Panchayat Chunav Result 2022: एमपी पंचायत चुनाव रिजल्ट, कई जगहों पर निर्दलीय बनेंगे किंगमेकर
मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। गुरुवार को कई जगहों के चुनाव नतीजे आए। कुछ चुनाव परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए। पंचायत चुनाव में इन बार भी भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला रहा है। ये चुनाव नतीजे 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में संकेत दे रहे हैं। ताजा रुझानों में 52 जिलों में से 30 पर BJP और 11 जिलों में कांग्रेस को बहुमत मिला है।
पंचायत चुनाव में पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा जाता लेकिन मध्य प्रदेश में इस बार कई स्थानों पर पार्टियों ने उम्मीदवारों को अधिकृत समर्थन कर आधिकारिक जानकारी भी दी। राज्य में पंचायत चुनाव जून-जुलाई महीने में तीन चरणों में संपन्न हुए हैं। पंचायत चुनाव तीन चरणों-25 जून, एक जुलाई और आठ जुलाई को हुए। इस चुनाव से करीब चार लाख पदों को भरा जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि तीन चरणों में दो लाख 33 हजार 620 पंच, 712 सरपंच और 157 जनपद सदस्य निर्विरोध चुने गए थे। 97 सरपंच और 58 हजार 288 पंच पदों के लिए नामांकन पत्र ही दाखिल नहीं हुए। 71 हजार 445 पंच, 22 हजार 115 सरपंच, छह हजार 614 जनपद सदस्य पद के लिए चुनाव कराए गए थे।
बैलेट पेपर से हुए पंचायत चुनाव
पंचायत चुनाव के बारे में जानकारी देते हुए राज्य चुनाव आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कहा था कि राज्य में पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। पिछले पंचायत चुनाव में भाजपा 40 जिला पंचायत बोर्ड में सरकार बनाने में कामयाब हुई थी।
बड़ी संख्या में निर्विरोध चुने गए हैं सदस्य
तीन चरणों में दो लाख 33 हजार 620 पंच, 712 सरपंच और 157 जनपद सदस्य निर्विरोध चुने गए थे। 97 सरपंच और 58 हजार 288 पंच पदों के लिए नामांकन पत्र ही दाखिल नहीं हुए।
इंदौर में जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा के पास जाना तय
इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार फिर भाजपा के काबिज होने के आसार हैं।।
दमोह में निर्दलीयों की भूमिका अहम
दमोह में किसी भी पार्टी को अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए 15 जिला सदस्यों में से कम से कम 8 का समर्थन लेना होगा। यहां से केवल 4 प्रत्याशी स्पष्ट तौर पर भाजपा के हैं। जबकि कांगेस समर्थित 5 उम्मीदवार जीतते दिख रहे हैं।
कई जगहों पर चुनाव परिणाम अभी घोषित नहीं
जिला पंचायत सदस्य के लिए उज्जैन, दतिया, मुरैना सहित कई जगहों का चुनाव परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है।
25 जिला पंचायतों में भाजपा की जीत तय
52 जिलों में जिला पंचायत सदस्यों से जुड़े जो रुझान आ रहे हैं, उसके अनुसार 25 जिला पंचायतों में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। इनमें इंदौर एवं ग्वालियर की जिला पंचायतें भी शामिल हैं।
सागर में भाजपा का कब्जा कायम रह सकता है
सागर जिला पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छी खबर है। यहां 15 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है जबकि छह सीटें कांग्रेस के खाते में गई हैं। सागर में जिला पंचायत की 26 सीटें हैं।
रीवा में कांग्रेस का दबदबा, निर्दलीयों की भूमिका अहम
रीवा में कांग्रेस का दबदबा सामने आया है। यहां इसके ज्यादातर सदस्यों को जीत मिली है। रीवा में अब तक भारतीय जनता पार्टी का बोलबाला रहा है लेकिन इस बार भगवा पार्टी की स्थिति कमजोर हुई है। यहां इस बार भाजपा समर्थित 8 उम्मीदवार जीते हैं। जबकि कांग्रेस के 12 सदस्य विजयी होते दिख रहे हैं। यहां पंचायत अध्यक्ष तय करने में निर्दलीयों की भूमिका अहम होगी।
15 जिला पंचायतों में BJP पिछड़ी
अब तक आए रुझान के मुताबिक 15 जिला पंचायतों में BJP पिछड़ी है। जबकि कांग्रेस को 1 सीट पर बढ़त मिलती दिख रही है। शेष 14 में कांटे की टक्कर बताई जा रही है।
सीहोर में बीजेपी और कांग्रेस का कड़ा मुकाबला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में बीजेपी और कांग्रेस का कड़ा मुकाबला है। इस जिले में जिला पंचायत सदस्य की 17 सीटें हैं। इसमें से दोनों ही दलों के समर्थन वाले 7-7 सदस्य चुनाव जीते हैं।
बालाघाट में भाजपा को झटका
बालाघाट जिला पंचायत में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। यहां के कुल 27 वार्डों में से मात्र 6 पर ही बीजेपी समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। बालाघाट से 14 प्रत्याशी कांग्रेस को समर्थन देनें वाले जीते हैं, जबकि एक गोगपा और 6 निर्दलीय सदस्य हैं।
30 जिलों में भाजपा, 11 जिलों में कांग्रेस आगे
ताजा अपडेट्स के मुताबिक 52 जिलों में से 30 पर BJP और 11 जिलों में कांग्रेस को बहुमत मिला है। प्रदेश के 313 जनपद में 160 पर BJP आगे है, जबकि 64 पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी आगे हैं।
जिला पंचायत सदस्यों का रिजल्ट 15 जुलाई को घोषित होगा
चुनाव अधिकारी ने बताया, 'इसके जरिए जिला पंचायत के 875 सदस्यों, जनपद के 313, सरपंचों के 22,921 एवं पंचों के 3,63,726 सदस्यों का चुनाव होगा। पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए वोटों की गिनती 14 जुलाई को होगी। जबकि जिला पंचायत सदस्यों का रिजल्ट 15 जुलाई को घोषित होगा।'
ग्राम पंचायत की 91 सीटों पर नहीं होंगे चुनाव
चुनाव अधिकारी के मुताबिक पहले चरण में जनपद पंचायत की 115 सीटों, ग्राम पंचायत की 8,702 सीटों पर चुनाव होंगे। दूसरे चरण में जनपद पंचायत की 106 और ग्राम पंचायत के 7661 सीटों और तीसरे चरण में जनपद पंचायत की 92 और ग्राम पंचायत की 6649 सीटों पर चुनाव होंगे। इस बार ग्राम पंचायत की 91 सीटों पर चुनाव नहीं होंगे। इन सीटों का कार्यकाल नवंबर 2022 में समाप्त हो रहा है।
निर्विरोध जीतने वाले सदस्यों को मिलेगा इंसेटिव
चुनाव आयुक्त ने कहा कि मानसून की वजह से किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए पंचायत चुनाव 15 जुलाई से पहले कराए जा रहे हैं। चुनाव तिथियों की घोषणा होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंचायत चुनाव निर्विरोध जीतने वाले सदस्यों को उनकी सरकार सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पंचायत में यदि कोई सरपंच निर्विरोध जीत तय करता है तो उस पंचायत को पुरस्कार के रूप में पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। दूसरी बार सरपंच का चुनाव निर्विरोध जितने वाले सदस्य को सात लाख रुपए मिलेंगे। पंचायत के सभी पंच एवं सरपंच यदि निर्विरोध चुनाव जीतते हैं तो पंचायत को आर्थिक मदद के रूप में 7 लाख रुपए दिए जाएंगे।

