Janmashtami 2022 Celebrations Updates: मथुरा समेत देशभर के मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Krishna Janmashtami 2022 Celebrations in Mathura, Vrindavan India Images Updates: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का त्योहार शुक्रवार को पूरे देशभर में धूमधाम से मनाया गया। हर साल भाद्रपक्ष महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को जन्माष्टमी मनाई जाती है, लेकिन इस बार यह उत्सव दो तिथियों 18 और 19 अगस्त को मनाने की बात कही जा रही है। पंडितों का कहना है कि अष्टमी तिथि गुरुवार को यानी 18 अगस्त को रात नौ बजकर 21 मिनट पर शुरू हो जाएगी और यह तिथि शुक्रवार रात 10 बजकर 59 मिनट तक रहेगी।
Happy Krishna Janmashtami 2022 Celebration in Mathura, Vrindavan India Updates: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का त्योहार त्योहार शुक्रवार को पूरे देशभर में धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने जन्माष्टमी का उत्सव मनाने के लिए घरों में खास तैयारी की थी। बहुत सारे भक्तों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थली बांके बिहारी मंदिर जाकर जन्माष्टमी मनाई। चूंकि भगवान कृष्ण का जन्म अष्टमी तिथि पर मध्यरात्रि में हुआ था इसलिए जन्माष्टमी 18 अगस्त को मनाई जा रही है लेकिन उदया तिथि 19 अगस्त को भी है ऐसे में कुछ लोगों ने 19 अगस्त को भी ये त्योहार मनाया। लोगों के बीच जन्माष्टमी की बधाई देने का सिलसिला गुरुवार सुबह से ही शुरू हो गया था और लोग अपने प्रियजनों एवं करीबियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश भेज रहे थे। वृंदावन, मथुरा सहित देश भर में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों को रंगबिरंगी लाइटों से खूबसूरती से सजाया गया था।
Krishna Janmashtami 2022 Puja Vidhi, Muhurat: आज या कल, जानें कब है जन्माष्टमी की सही डेट - इस दिन रहेगा पूजा का सबसे उत्तम मुहूर्त
लोग भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीरें एवं बधाई कोट्स सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस बार जन्माष्टमी को लेकर मथुर, वृंदावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में विशेष तैयारी की है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। बांके बिहारी मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं को सुविधाओं के लिए इंतेजाम किए हैं।
Krishna Janmashtami 2022 Date, Puja Vidhi, Muhurat Live: कब है जन्माष्टमी? देखें श्री कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए कैसे करें इस दिन पूजा, जानें शुभ मुहूर्त
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे सीएम योगी, कान्हा के दर्शन किए
मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस विशेष मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। सीएम ने कान्हा की पूजा की और उनके आशीर्वाद लिए।
जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई में दही हांडी समारोह का आयोजन
महाराष्ट्र में जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई में दही हांडी समारोह चल रहा है। कृष्ण जन्माष्टमी के एक दिन बाद दही हांडी का उत्सव मनाया जाता है। इस साल दही हंडी का उत्सव 19 व 20 अगस्त दोनों दिन मनाया जाएगा। दही हांडी का उत्सव कृष्ण की बाल लीलाओं को ध्यान में रखते हुए मनाया जाता है।
कोलकाता के इस्कॉन मंदिर में मनाया जा रहा है कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव मनाया जा रहा है।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में सीएम योगी ने लिया हिस्सा
जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भोपाल में मनाया जा रहा है जन्माष्टमी का उत्सव
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जन्माष्टमी का उत्सव मनाया जा रहा है।
कोयंबटूर में लोगों ने मनाया जन्माष्टमी का उत्सव
तमिलनाडु के कोयंबटूर में लोगों ने जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।
दिल्ली में श्री लक्ष्मीनागरायण बिरला मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु
जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी दिल्ली में स्थित श्री लक्ष्मीनागरायण बिरला मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे।
जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़
उत्तर प्रदेश के मथुरा में जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी।
जन्माष्टमी पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जन्माष्टमी पर शुक्रवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग मंदिरों के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। यहां भक्तों के लिए शहर में कई मंदिर परिसरों के बाहर तंबू लगाए गए और कालीन बिछाई गई। इन मंदिरों के बाहर माला और मिठाई बेचने वाले स्टॉल पर भी लोगों की भारी भीड़ दिखी। हालांकि, कई लोग बिना मास्क लगाए दिखे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मंदिरों में हजारों लोग पहुंचे जिससे पूजा-अर्चना के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
111 गोविंदा हुए घायल, 23 का चल रहा है इलाज- बीएमसी
घायल गोविंदा के बारे में विभिन्न सरकारी और बीएमसी अस्पतालों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जेजे अस्पताल में 2, सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में 3, जीटी अस्पताल में 12, नायर अस्पताल में 11, केईएम अस्पताल में 30, सायन अस्पताल में 9, ट्रॉमा अस्पताल में 6 कूपर अस्पताल में 6, डॉ बाबासाहेब अम्बेडकर अस्पताल, कांदिवली में 2, वीएन देसाई अस्पताल में 8, राजावाड़ी अस्पताल में 10, एमटी अग्रवाल में 1, बांद्रा भाभा अस्पताल में 5, पोद्दार अस्पताल में 6 घायल हुए हैं। कुल 111 घायल हुए, जिनमें से 88 का इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। 23 का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यानथ ने ‘अन्नपूर्णा भोजनालय' का किया लोकार्पण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा पांच करोड़ रुपये की लागत से स्थापित दो मंजिला ‘अन्नपूर्णा भोजनालय’ का लोकार्पण किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर यहां पहुंचे मुख्यमंत्री ने गर्भगृह और भागवत भवन में राधा-कृष्ण के युगल स्वरूप का दर्शन और विधिवत पूजन किया। जानकारी के मुताबिक, अन्नपूर्णा भोजनालय में प्रतिदिन पांच हजार लोगों को निशुल्क भोजन कराए जाने की व्यवस्था की गई है। मथुरा रोड पर स्थित इस दो मंजिला भवन में एक साथ 600 लोगों को भोजन कराया जा सकता है। भागवत भवन के प्रवक्ता विजय कौशल विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों से मिली दान की रकम से इसका संचालन करेंगे।
मथुरा में धूमधाम से भक्तों ने मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रजभूमि में धार्मिक उत्साह और उमंग के बीच सैकड़ों विदेशियों सहित भारी संख्या में कृष्ण भक्तों ने विभिन्न कृष्ण मंदिरों में शुक्रवार को पूजा-अर्चना की और धूमधाम से उत्सव में भाग लिया। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि देश आज भगवान कृष्ण की 5248वीं जयंती मना रहा है और देश-विदेश के श्रद्धालु इस अवसर पर पूरे दिन से विभिन्न अनुष्ठान में हिस्सा ले रहे हैं। उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण जन्मस्थान के विशाल प्रांगण में जन्माष्टमी की शुरुआत सुबह से शहनाई और ढोल की धुन पर नृत्य करके अपनी खुशी व्यक्त करते हुए की।
जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के 'कृष्ण-कुंज' का लोकार्पण
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी में 'कृष्ण-कुंज' का लोकार्पण किया। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय क्षेत्रों में 'कृष्ण कुंज' विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी रायपुर के तेलीबांधा में विकसित किए गए कृष्ण-कुंज को लोकार्पित किया। उन्होंने बताया कि कृष्ण कुंज के 1.68 हेक्टेयर क्षेत्र में सांस्कृतिक और जीवनोपयोगी 383 वृक्षों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृष्ण-कुंज में कदंब का पौधा लगाया। उन्होंने बताया कि बघेल ने इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कृष्ण-कुंज में गाय को गुड़-चना खिलाया।
असम में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ मनाई जन्माष्टमी
असम में पारंपरिक उत्साह और जोश के साथ शुक्रवार को जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। मंदिर से लेकर नामघर (वैष्णव संप्रदाय के अराधना स्थल) तक श्रद्धालु विशेष पूजा और अन्य कार्यक्रम के लिए कतार में लगे थे। गुवाहाटी में इस्कॉन मंदिर ने इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिसमें हिस्सा लेने श्रद्धालु सुबह से ही पहुंचने लगे। गुवाहाटी का हरे कृष्ण मंदिर इस उत्सव पर चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जो बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
चुनाव प्रचार मुहिम से समय निकालकर जन्माष्टमी पर मंदिर गए ऋषि सुनक
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक चुनाव प्रचार मुहिम के कारण अत्यधिक व्यस्तता के बीच समय निकालकर जन्माष्टमी मनाने के लिए लंदन के बाहरी इलाके में स्थित हरे कृष्ण मंदिर गए। सुनक (42) ने ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ का सदस्य बनने पर ‘भगवद्गीता’ के नाम पर शपथ ग्रहण की थी। उन्होंने कई बार कहा है कि हिंदू धर्म में आस्था से उन्हें ताकत मिलती है। सुनक ने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ हर्टफोर्डशायर स्थित वाटफोर्ड में भक्तिवेदांत मनोर में बृहस्पतिवार को दर्शन किए। अक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति एवं लेखिका-परोपकारी सुधा मूर्ति की बेटी हैं। सुनक ने प्रार्थना करते हुए अपनी और अपनी पत्नी की तस्वीर ट्वीट की और लिखा कि वह अपनी पत्नी अक्षता के साथ जन्माष्टमी से पहले भक्तिवेदांत मनोर मंदिर में यह त्योहार मनाने गए।
पूरे भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है श्रीकृष्ण का जन्मोसत्व
जन्माष्टमी के खास मौके पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोसत्व भक्तिभाव, हर्षोल्लास और पूरे भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। मंदिर से लेकर घरों में लोग भगवान कृष्ण के भजन गाकर झूमते हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भजन और गीतों को गाकर आप भी जन्माष्टमी मनाएं।
रखें इन बातों का ध्यान
पहले तो कभी भी किसी का अपमान नहीं करना चाहिए लेकिन कृष्ण जन्माष्टमी के दिन तो कतई ऐसा ना होने दें। जन्माष्टमी के दिन काले रंग के कपड़े न पहनें। व्रत कर रहे तो रात 12 बजे तक अन्न का सेवन न करें। गाय की पूजा करना इस दिन शुभ माना जाता है।
ब्रिटिश उच्चायुक्त ने किए मंदिर के दर्शन
दिल्ली | भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर का दौरा किया और प्रार्थना की। एलेक्स ने कहा, 'इस शुभ दिन पर इस्कॉन मंदिर में दर्शन करके मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देता हूं। ब्रिटेन और भारत के बीच बेहतरीन संबंध हैं।'
गोकुल के मंदिरों में बढ़ी रौनक
शुक्रवार की मध्य रात्रि के बाद कृष्ण के गोकुल आगमन का पर्व मनाने के लिए गोकुल में भी तैयारियां जोरों पर हैं। गोकुल के लोग जन्माष्टमी के अगले दिन कृष्ण के आगमन की खुशी में दहीखाना त्यौहार मनाते हैं, जिसमें दही और हल्दी के मिश्रण का भोग लगाया जाता है।
बंगाल में उमड़ी मंदिरों में भीड़
प्रदेश की 6200 गौशालाओं में धूमधाम से मनाई जाएगी जन्माष्टमी
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 6200 गौशालाओं में पहली बार जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि इसके जरिये प्रदेश के लोग गौ सेवा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को समझें।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवद्गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दी गई शिक्षाएं मानवता को प्रेरित करने का बड़ा स्रोत रही हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि श्री कृष्ण दिव्य प्रेम, सर्वोच्च सौंदर्य और शाश्वत सुख का प्रतीक हैं।
राष्ट्रपति ने ट्वीट कर दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, 'जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान कृष्ण की जीवन लीला से लोक-कल्याण हेतु निष्काम कर्म करने की शिक्षा मिलती है। मेरी कामना है कि यह पावन पर्व हम सभी को मन, वचन और कर्म से सबके हित को प्राथमिकता देने की प्रेरणा प्रदान करे।'
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'सभी देशवासियों को जन्माष्टमी के पावन-पुनीत अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। भक्ति और उल्लास का यह उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए। जय श्रीकृष्ण!'
कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के गर्भ गृह में पूजा
जन्माष्टमी को देखते हुए मथुरा के प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
जन्माष्टमी को देखते हुए यहां के प्रमुख मंदिरों के आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए बृजभूमि के प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, क्योंकि हर साल जन्माष्टमी पर हजारों की संख्या में भक्त यहां पूजा अर्चना के लिए आते हैं।
नड्डा ने जन्माष्टमी कार्यक्रम में भाग लिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार रात को यहां द्वारका में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में भाग लिया। नड्डा ने कार्यक्रम के आयोजक दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अध्यात्म के माध्यम से लोगों का ज्ञानवर्धन करके समाज और देश का निर्माण कर रहा है।
यूपी के 6200 गौशालाओं में भी जन्माष्टमी की धूम, योगी सरकार ने लिया फैसला
'श्री कृष्ण जन्माष्टमी' के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश में करीब 6200 गौशालाओं में शुक्रवार को धूम रहेगी। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गौशालाओं में जन्माष्टमी का पर्व मनाने का फैसला लिया है। गायों के प्रति सामाजिक बोध का भाव विकसित करने के लिए योगी सरकार की ओर से योजना तैयार की गई है, इन कार्यक्रमों में मंत्री की उपस्थिति भी सुनिश्चित कराई गई है।
जन्माष्टमी पर कब कर सकेंगे ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन, किस वक्त होगी मंगला आरती
जन्माष्टमी के त्योहार पर हर साल मथुरा वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में भारी संख्या में भगवान श्री कृष्ण के भक्तों की भीड़ दर्शन करने के लिए उमड़ती हैं। इस दिन ठाकुर बांके बिहारी का विशेष श्रृंगार होता है। साल में केवल जन्माष्टमी के पर्व पर ही मंगल आरती होती है। रात्रि 12 बजे बांके बिहारी का महाभिषेक होगा, महाभिषेक के वक्त आम श्रृद्धालु दर्शन नहीं कर सकेंगे। रात लगभग 1:45 बजे बांके बिहारी के पट आम श्रृद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलेंगे। रात 1 बजकर 55 मिनट पर मंगला आरती प्रारंभ होगी। दो बजे से लेकर सुबह साढ़े पांच बजे तक भक्त ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन कर सकेंगे। जन्माष्टमी के दिन ठाकुर जी को रात जगमोहन में विशेष चांदी से निर्मित सिंहासन पर बैठाया जाता है और वह अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। उनका पीले रंग के वस्त्र और आभूषण से श्रृंगार किया जाता है। उन्हें खास थालियों से भोग भी लगाया जाता है, सुबह छह बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
करोड़ों एकादशी का फल देता है 'कृष्ण जन्माष्टमी' का व्रत
ऐसी मान्यता है कि जन्माष्टमी के दिन व्रत रखने से भगवान श्री कृष्ण की विशेष कृपा बनी रहती है। श्री कृष्ण का जन्माष्टमी का व्रत विधि विधान से रखना चाहिए। कृष्ण जन्माष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा की जाती है। इस दिन रात में भगवान श्री कृष्ण की विधि विधान से पूजा की जाती है, क्योंकि माना जाता है कि भगवान श्री कृष्ण का जन्म रात्रि में हुआ था। कृष्ण जन्माष्टमी के दिन कई लोग विधि विधान से पूजा व्रत करते हैं। ऐसी मान्यता है कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन व्रत रखने से भगवान विष्णु के आठवें अवतार श्री कृष्ण की विशेष कृपा बनी रहती है।
कान्हा के जन्म पर उन्हें 'मोरपंख' जरूर करें अर्पित, ये राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है
कान्हा के जन्म पर उन्हें मोरपंख जरूर अर्पित करें, कहते हैं कि मोरपंख राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है, घर में गोपाला की पूजा में मोरपंख का प्रयोग करने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है, साथ ही कहते हैं कि इस दिन गिरधर गोपाल के साथ गाय-बछड़े की प्रतिमा की भी पूजा करें, मान्यता है इससे संतान सुख प्राप्त होता है वहीं जन्माष्टमी पर जरुरतमंदों को अनाज और फल दान करना शुभ है इसके वास्तु दोष दूर होते हैं।
'कन्हैया' के दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'श्रीकृष्ण जन्माष्टमी' पर मथुरा आ रहे हैं
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कन्हैया के दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा आ रहे हैं, वो यहां 3 घंटे 40 मिनट रहेंगे, इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और तीर्थ यात्रियों के लिए नि:शुल्क शुरू किए जाने वाले अन्नपूर्णा भोजनालय का लोकार्पण भी करेंगे। इस दौरान उनके साथ राज्य के दो मंत्री भी मौजूद रहेंगे इसमें 30 मिनट का कार्यक्रम श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन और पूजा के लिए निर्धारित किया गया है, वो संतों के साथ भोजन भी करेंगे।
इस बार दो दिन मनाई जा रही जन्माष्टमी
इस साल जन्माष्टमी दो दिन मनाई जा रही है। कुछ पंचांग में 18 को और कुछ में 19 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व मनाने की सलाह दी गई है। श्रीकृष्ण का जन्म अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में हुआ था और ये दोनों ही योग आने वाले शुक्रवार को रहेंगे इसलिए मथुरा, वृंदावन और द्वारका में जन्मोत्सव पर्व 19 अगस्त को मनेगा। कृष्ण तीर्थों में 19 को ये पर्व होने से इसी तारीख को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाना ज्यादा शुभ रहेगा।
Happy Janmashtami 2022: श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम
श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम।
लोग करें मीरा को यूं ही बदनाम।
सांवरे की बंसी को बजने से काम।
राधा का भी श्याम वो तो मीरा का भी श्याम।
कृष्ण जन्माष्टमी 2022 की बधाई
गीता के ये पांच श्लोक श्रीकृष्ण की महिमा बताते हैं
सर्वधर्मान्परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज।
अहं त्वां सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः।।
भूमिरापो अनल वायुः खं मनो बुद्धिरेव च।
अहंकारं इतीयं मे भिन्ना प्रकृतिरष्टया।
मत्तः परतरं नान्यत्किञ्चिदस्ति धनञ्जय।
मयि सर्वमिदं प्रोतं सूत्रे मणिगणा इव।।
रसोअहमप्सु कौन्तेय प्रभास्मि शशिसूर्ययोः।
प्रणवः सर्ववेदेषु शब्दः खे पौरुषं नृषु।।
न मां दष्कृतिनो मूढाः प्रपद्यन्ते नराधमाः।
माययापह्रतज्ञाना आसुरं भावमाश्रिताः।।
पूजा में चढ़ती है पंजीरी
जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण मंदिरों एवं घरों में प्रसाद के रूप में भगवान को पंजीरी का भोग चढ़ता है। यह पंजीरी धनिया से बनती है।
मथुरा में श्रद्धालुओं के लिए हुई खास व्यवस्था
जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। हर बार की तरह इस बार भी इन श्रद्धालुओं के प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। भक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए कोई समस्या न हो इसके लिए उन्हें लाउडस्पीकर के माध्यम से निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही सभी संपर्क मार्गों पर जूताघर एवं सामान घर की व्यवस्था की गई है। सभी आवश्यक स्थानों पर पेयजल उपलब्ध रहेगा।
घर पर बच्चों को पहनाएं राधा-कृष्ण की ड्रेस
जन्माष्टमी के मौके पर हर भारतीय परिवार में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा होती है। इस धार्मिक उत्सव के अवसर पर लड़कों को श्रीकृष्ण और लड़कियों को राधा रानी की तरह सजाया जाता है। मंदिरों में तो बच्चों को राधा-कृष्ण बनाकर बिठाया भी जाता है और श्रद्धालु इनके दर्शन करते हैं। आप भी अपने बेटे को कृष्ण जी की पीली पोशाक में कुर्ता और धोती पहना सकते हैं और राधा रानी की तरह बेटी को लहंगा चोली पहनाकर तैयार करें।
लड्डू-गोपाल को जन्मदिन पर ऐसे सजाएं
कृष्ण जन्माष्टमी पर घर पर बालगोपाल की मूर्ति के लिए नए वस्त्र जरूर खरीदें और उन्हे पहनाएं। मोरमुकुट, मोरपंख, आभूषण,बांसुरी और माला जरूर लाएं।जन्मदिन पर बालगोपाल की पूजा और आरती जरूर उतारें और माथे पर टीका लगाएं।
कर्म की प्रेरणा देते हैं गीता के श्लोक
श्रीकृष्ण की जीवन हमें कई तरीके से प्रेरणा देता है। बाल लीलाओं से लेकर गीता के उपदेश तक हमें उनसे कई उपदेश मिलते हैं। गीता के श्लोक हमें कर्म की शिक्षा देते हैं और जीवन दर्शन का एहसास कराते हैं। जन्माष्टमी के मौके पर आपको गीता के श्लोंकों को पढ़ना चाहिए।
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥
शुभकामना संदेश भेज रहे लोग
जन्माष्टमी के मौके पर शुभकामना संदेश एवं बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। लोगों अपने प्रियजनों को भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े बधाई संदेश भेज रहे हैं और उनकी मंगल कामना कर रहे हैं।
श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी,
हे नाथ नारायण वासुदेवा।
एक मात्र स्वामी तुम सखा हमारे
हे नाथ नारायण वासुदेवा।
नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की।
जन्माष्टमी की तिथि को लेकर संशय
हिंदू पंचांग के अनुसार, जन्माष्टमी पर रात 12:03 से 12:47 नीशीथ काल रहने वाला है। ऐसे में कन्हैया की पूजा करने के लिए भक्तों को कुल 44 मिनट का शुभ मुहूर्त मिल रहा है। भगवान श्री कृष्ण की पूजा करने से पहले उनका श्रृंगार करें। पूजा के दौरान उन्हें पंचामृत या पंजीरी का भोग अवश्य लगाएं। जन्माष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:05 से दोपहर 12:56 तक रहेगा। इसके साथ अमृत काल शाम 6:28 से 8:10 तक और धुव्र योग रात 8:41 से 19 अगस्त को रात 8:59 तक रहने वाला है।
लोगों में उल्लास एवं हर्ष का माहौल
जन्माष्टमी को लेकर लोगों में उल्लास एवं हर्ष का माहौल है। जन्माष्टमी के मौके पर देश भर के कृष्ण मंदिर सज-धज गए हैं। मंदिरों की मनमोहक एवं हर्ष देने वाली तस्वीरें सामने आने लगी हैं। वृंदावन के बांकेबिहारी से लेकर मथुरा के इस्कोन मंदिर तक सभी मंदिर बड़े ही खूबसूरत ढंग से सजाए गए हैं। मंदिर ही नहीं जन्माष्टमी के लिए घरों में तैयारी हुई है। भगवान श्रीकृष्ण के भक्त जन्माष्टमी की पूजा के लिए बाजार से पूजन सामग्री एवं मिठाइयां, फल खरीदकर लाए हैं। शुभ मुहूर्त में भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाने की लोगों ने तैयारी की है।

