Coronavirus: बेहद जानलेवा हुआ कोरोना, दिल्ली में 24 घंटे में 240 मौतें, 23 हजार से ज्यादा नए केस
देश में कोरोना वायरस से गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। संक्रमण के नए मामले रोजाना रिकॉर्ड बना रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में संक्रमण के 2,73,810 नए केस मिले जबकि 1619 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा केस हैं। राजधानी दिल्ली में कोरोना के केस बेकाबू हो गए हैं। इसी के चलते वहां आज रात से सोमवार सुबह तक लॉकडाउन लगा दिया गया है।
Coronavirus in India: देश में कोरोना वायरस खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसी के चलते अब कई जगह कई पाबंदियां लगाई जा रही हैं। दिल्ली में 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। वहीं राजस्थान में 3 मई तक के लिए लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगा दी गई हैं। नए मामले हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही हैं। कई जगह अस्पतालों में लोगों को बेड्स नहीं मिल रहे हैं। कई जगह ऑक्सीजन की कमी हो रही है। राजधानी दिल्ली में कोरोना के केस बेकाबू हो गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आईसीयू के बेड्स तेजी के साथ खत्म हो रहे हैं। ICMR के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा है कि इस वेव में ऑक्सीजन की ज्यादा आवश्यकता पाई गई। लोगों में सांस की दिक्कत ज्यादा पाई गई है। दोनों वेव में मृत्यु दर में कोई अंतर नहीं देखा गया है। दोनों ही वेव में 70 प्रतिशत लोग 40 की उम्र के थे।
छत्तीसगढ़ में 14 हजार के करीब नए केस
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में 13834 नए कोविड मामले सामने आए हैं। इस दौरान 11815 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं और 165 मौतें दर्ज की गई हैं। राज्य में 1,29,000 सक्रिय मामले हैं। अभी तक कुल 1,13,669 डिस्चार्ज हुए हैं। यहां मौत का आंकड़ा 6083 हो गया है।
दिल्ली में 24 घंटे में 240 मौतें
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 23,686 नए कोविड मामले सामने आए हैं। 21,500 मरीज ठीक हुए हैं और 24 घंटे में 240 मौतें दर्ज की गई हैं। यहां सक्रिय मामले 76,887 हैं। अभी तक 7,87,898 मरीज इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस से कुल 12,361 मौतें हुई हैं।
UP में कोरोना के 28000 नए केस
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 28,287 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में 2,08,523 कोरोना के एक्टिव मामले में से 1,06,843 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
मध्य प्रदेश में कोरोना के 13 हजार के करीब नए केस
राजस्थान में कोरोना वायरस के 11967 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 2408 मरीज डिस्चार्ज/रिकवर हुए हैं। इस दौरान 53 मौतें दर्ज की गईं। कुल मामले बढ़कर 4,26,584 हुए। कुल डिस्चार्ज/रिकवरी 3,46,739 हुईं। मौत का आंकड़ा 3204 हुए। राज्य में 76,641 सक्रिय मामले हैं। वहीं मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 12897 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं। 6836 रिकवरी हुई हैं और 79 मौतें दर्ज की गईं। सक्रिय मामले 74,558 हुए। कुल रिकवरी 3,41,783 हैं। राज्य में कोरोना से 4636 मौतें हुई हैं।
सभी रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद
रेलवे ने सोमवार को कहा कि उसने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली में सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तत्काल प्रभाव से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी है। उत्तरी रेलवे की इस घोषणा से कुछ घंटे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी, जो आज रात दस बजे से शुरू होकर 26 अप्रैल सुबह पांच बजे खत्म होगा।
तेलंगाना के सीएम कोरोना पॉजिटिव
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनमें हल्के लक्षण हैं। डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
महाराष्ट्र में 58 हजार नए केस
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 58,924 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 52,412 रोगी ठीक हुए हैं और इस दौरान 351 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 38,98,262 हो गए हैं। राज्य में मरने वालों की संख्या 60,824 हुई।
कोविड से लड़ाई में टीकाकरण सबसे बड़ा हथियार: मोदी
प्रधानमंत्री ने प्रमुख डॉक्टरों के साथ कोविड-19 के हालात से निपटने के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की, चिकित्सकों की परिवर्तनकारी भूमिका पर जोर दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में बताया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड प्रबंधन का अनुभव रखने वाले शहरों के चिकित्सकों से कम सुविधा वाले इलाकों में पहुंचने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 से लड़ाई में टीकाकरण सबसे बड़ा हथियार है, उन्होंने डॉक्टरों से अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। मोदी ने चिकित्सकों से लोगों को कोविड-19 पर अफवाहों के प्रति जागरुक करने को कहा। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बात है कि लोग घबराएं नहीं। प्रधानमंत्री ने डॉक्टरों को गैर-आपात मामलों में अन्य बीमारियों का उपचार दूर-चिकित्सा (टेली-मेडिसिन) प्रणाली से करने को प्रोत्साहित किया।'
दिल्ली: नियमों का पालन न करने के लिए चालान
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन.श्रीवास्तव ने बताया, 'कोविड अनुरूप व्यवहार न करने की वजह से 7000 से ज्यादा लोगों का चालान किया गया है और 1400 से ज्यादा FIR दर्ज की गईं, जिसमें 1100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली के नागरिकों से अपील है कि घरों में रहें। आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।'
पंजाब में 30 अप्रैल तक लगीं पाबंदियां
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कोविड 19 स्थिति की समीक्षा की है। नाइट कर्फ्यू का समय (रात 8 बजे से सुबह 5 बजे) बढ़ाया गया है। सभी बार बंद, सिनेमा हॉल, जिम, स्पा, कोचिंग सेंटर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। शादियों और अंतिम संस्कारों में 20 से अधिक लोगों के शामिल होने पर प्रतिबंध रहेगा। प्राइवेट लैब द्वारा आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन परीक्षण की दरें क्रमशः 450 रुपए और 300 रुपए कर दी गई हैं। राम नवमी के अवसर पर मोहाली बुधवार को पूर्ण बंद रहेगा।
24 घंटे में 1619 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 503 जानें गईं
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 1619 मृत्यु दर्ज हुईं हैं। दस राज्यों में नई मृत्यु का प्रतिशत 85.11 है। महाराष्ट्र में अधिकतम मृत्यु (503) दर्ज की गईं जबकि छत्तीसगढ में दैनिक 170 मृत्यु दर्ज की गईं हैं। दिल्ली में 161, उत्तर प्रदेश में 127, गुजरात में 110, कर्नाटक में 81, पंजाब में 68, मध्य प्रदेश में 66, झारखंड में 50 और तमिलनाडु में 42 मौतें हुई हैं।
देश के 63% एक्टिव केस सिर्फ 5 राज्यों में
भारत में कुल सक्रिय मामलो की संख्या 19,29,329 तक पहुंच गई है। यह अब देश के कुल पुष्टि वाले मामलों का 12.81 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 1,28,013 मामले दर्ज किए गए हैं। देश के कुल सक्रिय मामलों में पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल का समग्र रूप से 63.18 प्रतिशत हिस्सा है।
कोरोना के 80% नए केस सिर्फ 10 राज्यों से
भारत के नए मामलों में प्रतिदिन वृद्धि दर्ज की जा रही है, पिछले 24 घंटों में 2,73,810 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान सहित दस राज्यों में नए मामलों का 78.58 प्रतिशत दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक दैनिक नए मामले 68,631 दर्ज किए गए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 30,566 और दिल्ली में 25,462 नए मामले सामने आए हैं।
देशभर के प्रमुख डॉक्टरों से बातचीत करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 4:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना की स्थिति पर देशभर के प्रमुख डॉक्टरों से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री शाम 6 बजे देश की शीर्ष फार्मा कंपनियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।
संक्रमित 70% से ज्यादा लोग 40 साल की उम्र से अधिक
यूपी के पूर्व राज्यपाल राम नाईक कोरोना वायरस से संक्रमित
उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनके कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, वह गृह-पृथकवास में हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। बयान के अनुसार, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह स्व-पृथकवास में हैं।’ इस बयान में कहा गया है कि नाईक को बुखार आने के बाद उनकी जांच करायी गयी थी।
नाईक प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी के नेतृत्व वाली, केंद्र की राजग सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
दिल्ली में लगा 6 दिनों का लगा लॉकडाउन
दिल्ली में सोमवार की सुबह तक यानी 6 दिनों लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी गई है, कोरोना की नई लहर से दिल्ली के बिगड़ते हालात के बीच आज उप-राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मीटिंग हुई थी उसी मीटिंग में तमाम मंथन के बाद दिल्ली में अगले 6 दिनों तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया, इसको लेकर पहले से ही अनुमान लगाया जा रहा था।
दिल्ली में 26 अप्रैल तक लग सकता है कर्फ्यू
राजधानी दिल्ली में 7 दिनों तक यानि 26 अप्रैल तक कर्फ्यू लग सकता है। मुख्यमंत्री केजरीवाल इस बारे में थोड़ी देर में घोषणा कर सकते हैं। दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर लेफ्टिनेंट गवर्नर के साथ उनकी अहम बैठक हुई है। राजधानी में कोरोना के केस में रोजाना भारी इजाफा हो रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 30 प्रतिशत हो गई है।
कोविड-19 की स्थिति पर पीएम की समीक्षा बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में कोविड-19 की स्थिति पर आज साढ़े ग्यारह बजे एक समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में कोरोना के ताजा हालात का जायजा लिया जाएगा। दिल्ली, मुंबई सहित देश के कई राज्यों में कोरोना की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। बीते 24 घंटे में देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के नए 2,73,810 केस मिले। इस दौरान 1,619 लोगों की मौत हुई जबकि उचार के बाद 1,44,178 लोग ठीक हुए।
देश में 24 घंटे में 1,619 लोगों की मौत
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के नए 2,73,810 केस मिले। इस दौरान 1,619 लोगों की मौत हुई जबकि उचार के बाद 1,44,178 लोग ठीक हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 1,50,61,919 हो गई है। एक्टिव केस 19,29,329 हैं। इस महामारी से अब तक 1,78,769 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक 12,38,52,566 टीकाकरण हुआ है।
हांगकांग ने विमान सेवा पर लगाई रोक
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हांगकांग ने 20 अप्रैल से तीन मई तक भारत के लिए अपनी विमान सेवा पर रोक लगा दी है। देश में पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन ढाई लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं।
महाराष्ट्र को मिलेगा सबसे ज्यादा मेडिकल ऑक्सीजन
वाराणसी में कोविड-19 की स्थिति की पीएम ने की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण पर काबू पाने और जरूरतमंदों की मदद करने के निर्देश दिए। पीएम ने अधिकारियों से अपने निर्वाचन क्षेत्र के अस्पतालों में मौजूद बेड्स, दवाओं, स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या और टेस्टिंग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संकट की घड़ी में सेवा देने के लिए मेडिकल स्टॉफ की सराहना भी की।
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 12,248 नए केस
मध्य प्रदेश में रविवार को कोविड-19 संक्रमण से 66 और लोगों की मौत हो गई तथा 12,248 और लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। नए रोगियों एवं इस संक्रमण से मरने वालों का यह एक दिन का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘रविवार को प्रदेश में 66 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ इस वायरस से राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 4557 हो गई है।’
बंगाल में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 8,419 नए मामले
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,419 नए मामले आए, जो एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। इसके साथ ही राज्य में इस घातक विषाणु से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 6,59,927 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि इस अवधि में महामारी से 28 और लोगों की मौत हो गई तथा राज्य में इस बीमारी से अब तक 10,568 लोग जान गंवा चुके हैं। बुलेटिन के अनुसार, कोलकाता में आज संक्रमण के सर्वाधिक 2,197 नए मामले सामने आए। इसके बाद उत्तर 24 परगना जिले में महामारी के 1,860 नए मामले सामने आए।

